वन्यजीव बंगाल मॉनिटर लिजार्ड को पकाकर खाने वाले तीन युवक पकड़ाए

WhatsApp Channel Join Now
वन्यजीव बंगाल मॉनिटर लिजार्ड को पकाकर खाने वाले तीन युवक पकड़ाए


दंतेवाड़ा, 27 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के श्यामगिरी क्षेत्र में संरक्षित वन्यजीव बंगाल मॉनिटर लिजार्ड (गोह) का शिकार कर उसे पकाकर खाने के आरोप में वन विभाग ने तीन युवकों को पकड़ लिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभाग ने कार्रवाई की।

वन विभाग के रेंजर डॉ. रितेश पांडेय ने गुरुवार को बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक आईडी से वायरल हुए वीडियो में दो युवक बंगाल मॉनिटर लिजार्ड को पकड़ते और उसे शराब के साथ चखना बनाने की बात कहते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में मॉनिटर लिजार्ड को चाकू से काटने तथा बाद में उसे पकाकर खाने का भी दावा किया गया है।

वीडियो सामने आने के बाद प्रधान मुख्य वन संरक्षक (पीसीसीएफ) के निर्देश पर बचेली रेंज की टीम ने श्यामगिरी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए तीनों युवकों को पकड़ लिया। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीनों युवक बोर उत्खनन करने वाले वाहन में कार्यरत हैं। वन विभाग का कहना है कि जिस बंगाल मॉनिटर लिजार्ड का शिकार किया गया, उसकी उम्र लगभग तीन से चार माह थी। संरक्षित वन्यजीव के शिकार के मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत तीन से सात वर्ष तक के कारावास का प्रावधान है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story