कटघोरा में आकाशीय बिजली का कहर, खेत में रोपा लगा रहे तीन ग्रामीणों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
कटघोरा में आकाशीय बिजली का कहर, खेत में रोपा लगा रहे तीन ग्रामीणों की मौत


कोरबा/कटघोरा, 25 जुलाई (हि. स.)। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सलोरा-छुरी गांव में शनिवार को आकाशीय बिजली गिरने से तीन ग्रामीणों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब ग्रामीण खेत में धान की रोपाई का काम कर रहे थे। अचानक बदले मौसम के बीच गिरी बिजली ने तीन लोगों की जान ले ली, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, छुरी बकरा बाजार सब-स्टेशन के पीछे स्थित खेत में करीब 25 से 30 ग्रामीण धान की रोपा लगाने का काम कर रहे थे। दोपहर के समय अचानक मौसम खराब हो गया। आसमान में काले बादल छाने के साथ तेज गर्जना शुरू हुई और बारिश होने लगी। इसी दौरान खेत की मेढ़ पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में तीन ग्रामीण आ गए।

बिजली गिरते ही खेत में काम कर रहे अन्य मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल प्रभावित लोगों को संभाला और उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कटघोरा पहुंचाया। हालांकि अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने जांच के दौरान तीनों को मृत घोषित कर दिया।

सीएचसी कटघोरा की बीएमओ डॉ. रश्मि सिंह कंवर ने बताया कि, तीनों लोगों को अस्पताल लाया गया था, लेकिन परीक्षण के समय उनकी मृत्यु हो चुकी थी। आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतकों के संबंध में मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

इस दर्दनाक घटना के बाद मृतकों के परिजनों में मातम पसरा हुआ है। अस्पताल परिसर में परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को जल्द आर्थिक सहायता और मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।

वहीं प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम और आकाशीय बिजली की संभावना के दौरान खुले स्थानों, खेतों और ऊंचे स्थानों पर जाने से बचें। बारिश के मौसम में सावधानी बरतकर ऐसे हादसों से बचा जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story