साई मंदिर में तीन दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव 28 से 30 जुलाई तक

WhatsApp Channel Join Now
साई मंदिर में तीन दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव 28 से 30 जुलाई तक


जगदलपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। बस्तर जिला मुख्यालय के धरमपुरा मार्ग में स्थित साईं बाबा मंदिर में गुरु पूर्णिमा महोत्सव को लेकर तैयारी शुरू हो गई है। 28 जुलाई से 30 जुलाई तक तीन दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव में विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक, पालकी यात्रा, भजन संध्या, महाआरती, प्रसाद वितरण और पौधरोपण जैसे कार्यक्रम होंगे। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह काकड़ आरती से कार्यक्रम की शुरुआत होगी। दिनभर दर्शन, पूजन और धार्मिक अनुष्ठान चलते रहेंगे। शाम को भजन संध्या एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। रात्रि में महाआरती के बाद प्रसाद वितरण किया जाएगा।

मंदिर समिति के अनुसार इस तीन दिवसीय महोत्सव की शुरुआत 28 जुलाई को सुबह काकड़ आरती, विशेष अभिषेक एवं गुरु पूजन से होगी। दोपहर को मंदिर से करीब 8 किमी की पालकी व कलश यात्रा निकलेगी। 29 जुलाई को दिनभर धार्मिक अनुष्ठान, भजन संध्या और महाआरती होगी। इससे पहले दोपहर की आरती के बाद महाभंडारा होगा। शाम को फलों से अर्चना की जाएगी। 30 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के मुख्य पर्व पर विशेष पूजन, हवन, महाआरती तथा प्रसाद वितरण के साथ सत्यनारायण कथा होगी। शाम को सुंदरकांड का पाठ होगा। रात 10 बजे शेजारती के बाद महोत्सव का समापन होगा।

इस महोत्सव में पूजा-पाठ के लिए नागपुर से पांच पुजारियों को बुलाया गया है। मंदिर समिति ने इस वर्ष महोत्सव को सामाजिक सरोकारों से भी जोड़ा है। श्रद्धालुओं को प्रसाद के साथ पौधे दिए जाएंगे, पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया जाएगा। समिति के सदस्यों ने बताया कि इस साल करीब तीन हजार पौधे बांटने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें फलदार, फूल वाले और औषधीय पौधे शामिल हैं। ये पौधे श्रद्धालुओं को प्रसाद के रूप में दिए जाएंगे। आयोजन में महिला मंडल, युवा स्वयंसेवक और सामाजिक संस्थाएं व्यवस्था संभालेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story