कोरबा : बारिश से बचने पेड़ के नीचे खड़े थे तीन किशोर, डंगाल गिरने से तीनों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा : बारिश से बचने पेड़ के नीचे खड़े थे तीन किशोर, डंगाल गिरने से तीनों की मौत


कोरबा, 30 मई (हि. स.)। कोरबा जिले के पाली क्षेत्र के पहाड़गांव में शनिवार को तेज आंधी-तूफान और बारिश के दौरान एक हृदयविदारक हादसा हो गया। बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े तीन किशोरों पर अचानक पेड़ की भारी डंगाल गिर गई, जिससे तीनों की मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार चैतमा चौकी अंतर्गत वनांचल क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत पहाड़गांव के चोरकादाढ़ मोहल्ले के निवासी शिवराम (16 वर्ष), कमलेश कुमार (17 वर्ष) और इग्नेश तिर्की (15 वर्ष) शनिवार दोपहर गांव के पास मौजूद थे। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश और तेज हवाओं से बचने के लिए तीनों किशोर एक बड़े पेड़ के नीचे जाकर खड़े हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज हवा के कारण पेड़ की एक बड़ी डंगाल अचानक टूटकर तीनों किशोरों के ऊपर आ गिरी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने शिवराम और कमलेश कुमार को परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल इग्नेश तिर्की को बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

एक साथ तीन किशोरों की मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा तथा आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story