बलरामपुर : पॉलिटेक्निक कॉलेज और मोबाइल दुकान में चोरी करने वाले तीन आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर : पॉलिटेक्निक कॉलेज और मोबाइल दुकान में चोरी करने वाले तीन आरोपित गिरफ्तार


बलरामपुर, 06 मार्च (हि.स.)। रामानुजगंज थाना क्षेत्र में चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी किया गया सामान और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल समेत लगभग 2 लाख रुपये से अधिक की सामग्री बरामद की है।

थाना रामानुजगंज में दर्ज अपराध क्रमांक 38/2026 के अनुसार ग्राम बुलगांव निवासी प्रदीप सिंह, जो पॉलिटेक्निक कॉलेज आरगाही में चौकीदार ने 5 मार्च को रिपोर्ट दर्ज कराई कि 4 मार्च की रात कॉलेज परिसर में चौकीदारी के दौरान ग्राम सुभाषनगर निवासी ओम सरदार (19) और प्रसन्नजीत मंडल (22) कॉलेज का गेट फांदकर छत पर लगे 6 नग स्ट्रीट एलईडी लाइट चोरी कर ले गए। चौकीदारों द्वारा पकड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपित अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

मामले में धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 6 नग एलईडी लाइट (कीमत लगभग 21 हजार रुपये) तथा चोरी में प्रयुक्त हीरो एक्सट्रीम मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 1 लाख रुपये) बरामद की। बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 1 लाख 21 हजार रुपये बताई गई है। दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

दूसरे मामले में धनपुरी निवासी सूर्यकुमार ने 12 जनवरी 2026 को थाना रामानुजगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके मोबाइल एसेसरीज एवं चॉइस सेंटर की दुकान में दोपहर लगभग 12 बजे एक व्यक्ति घुसकर काउंटर से 5200 रुपये नकद और जियो कंपनी का एक मोबाइल फोन चोरी कर ले गया।

मामले में अपराध क्रमांक 11/2026 धारा 303(2), 331(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच की गई। दुकान के सीसीटीवी फुटेज की जांच में आरोपित की पहचान तामेश्वर नगर निवासी अमन मिस्त्री (21) के रूप में हुई थी, जो घटना के बाद से फरार था।

5 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपित होली मनाने अपने घर आया हुआ है और मोटरसाइकिल से रामानुजगंज में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपित ने चोरी करना स्वीकार किया। उसके कब्जे से चोरी की गई राशि में से 500 रुपये, जियो कंपनी का मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 80 हजार रुपये) बरामद की गई। इसके बाद आरोपित को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

दोनों मामलों में आरोपितों की गिरफ्तारी और चोरी का सामान बरामद करने की कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अजय साहू, प्रधान आरक्षक संजीव सिंह, महामाया सिंह और नागेश्वर पोर्ते की विशेष भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story