बलरामपुर : फर्जी रजिस्ट्री बनाकर तहसील में पेश करने वाले तीन आरोपित गिरफ्तार, न्यायालय में पेश

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर : फर्जी रजिस्ट्री बनाकर तहसील में पेश करने वाले तीन आरोपित गिरफ्तार, न्यायालय में पेश


बलरामपुर, 29 जुलाई (हि.स.)। बलरामपुर जिले की रामचंद्रपुर पुलिस ने फर्जी रजिस्ट्री दस्तावेज तैयार कर तहसील में पेश करने के मामले में तीन आरोपितों को आज बुधवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

बलरामपुर पुलिस के अनुसार, मामले में संत कुमार ठाकुर (42), हामिद जुलाहा (42) निवासी ग्राम रेवतीपुर थाना रामचंद्रपुर तथा लल्लू नागवंशी (55) निवासी ग्राम महावीरगंज थाना रामानुजगंज को गिरफ्तार किया गया है।

मामले की शिकायत ग्राम रेवतीपुर निवासी 80 वर्षीय अलाउद्दीन अंसारी ने की थी। शिकायत में बताया गया कि उन्होंने वर्ष 2013 में अपनी एक भूमि संत कुमार ठाकुर को बेची थी। वर्ष 2018-19 में ऑनलाइन भूमि अभिलेखों के संधारण के दौरान त्रुटिवश उनकी दूसरी भूमि, जिसका खसरा नंबर 149/2 है, संत कुमार ठाकुर के नाम दर्ज हो गई।

जब इस त्रुटि की जानकारी शिकायतकर्ता को हुई तो उन्होंने तहसील कार्यालय में सुधार के लिए आवेदन दिया। इसी बीच आरोपी ने संबंधित भूमि के आधार पर बैंक से किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण ले लिया, जिससे रिकॉर्ड में सुधार की प्रक्रिया प्रभावित हो गई।

पुलिस के अनुसार, तहसील द्वारा रजिस्ट्री की प्रति मांगे जाने पर संत कुमार ठाकुर ने हामिद जुलाहा और लल्लू नागवंशी के साथ मिलकर कथित रूप से फर्जी रजिस्ट्री दस्तावेज तैयार किए और उन्हें तहसील रामचंद्रपुर में प्रस्तुत कर दिया। इन दस्तावेजों के आधार पर शिकायतकर्ता का प्रकरण निरस्त कर दिया गया।

शिकायत मिलने के बाद एसडीओपी रामानुजगंज द्वारा मामले की जांच कराई गई। जांच में फर्जीवाड़ा सामने आने पर रामचंद्रपुर थाने में अपराध क्रमांक 35/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story