सोंढूर बांध से छोड़ा गया हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा

धमतरी , 16 अप्रैल (हि.स.)। धमतरी जिले के नगरी ब्लाक में निस्तारी और सिंचाई के लिए सोंढूर बांध से नालियों के माध्यम पानी छोड़ा गया। विभाग द्वारा लाखों रुपये नाली मरम्मत के नाम से खर्च की गई। इसके बाद भी नालिया जगह-जगह टूटी हुई है। और कचरे से पटा हुआ है, जिसकी वजह से सिंचाई एवं निस्तारी के लिए छोड़ा गया पानी तालाबों और खेतों की बजाय सड़क किनारे बह रहा है।
ग्रामीण अरूण कुमार प्रजापति ने कहा कि, नाली मरम्मत के नाम पर भ्रष्टाचार का खेल खेला जा रहा है। ग्राम गोरेगांव, अमाली, फरसियां और भी कई अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में सिंचाई विभाग की नालियां टूटी-फूटी है, जिसकी वजह से हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। सिंचाई विभाग को इस ओर ध्यान देना चाहिए। इसके चलते बहुमूल्य जल बर्बाद हो रहा है। इस पर रोक लगनी चाहिए। किसान कृष्ण कुमार साहू ने कहा कि बांधों से छोड़े जाने वाले पानी की सतत निगरानी की जानी चाहिए, ताकि बांध का बहुमूल्य पानी व्यर्थ न बहे। किशन कुमार ने कहा कि सिंचाई विभाग द्वारा ध्यान नहीं दिए जाने के कारण ही प्रतिवर्ष बांध से छोड़े जाने वाला पानी बह जाता है। सालों से यह समस्या बनी हुई है। इस समस्या की ओर प्रशासन को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। निस्तारी व सिंचाई के लिए छोड़े जाना वाला पानी बहुमूल्य है। पानी की बर्बादी पर रोक लगे ताकि जितनी आवश्यकता है उतने पानी का उपभोग हो सके।
पुनेश्वर साहू ने कहा कि प्रशासन के साथ ही साथ आम जनता में जागरूकता की कमी है, यही कारण है कि बांधों से निकलने वाला पानी नालियों की वजह जमीन में सूखने लगता है। कई ग्रामीण तो टाइल्स ही उखाड़ कर ले जाते हैं। टाइल्स और फरसी पत्थर को नाली से निकालकर ले जाते हैं। यह भी बड़ी विडंबना है। रूद्रनारायण सिंह ने कहा कि आज तक प्रशासन द्वारा नालियों से फरसी पत्थर ले जाने वालों पर कार्रवाई नहीं की गई है, इसी तरह सिंचाई के लिए छोड़े जाने वाले पानी से पूर्व नाली की सफाई की जानी चाहिए। इससे पानी सही स्थान पर सुगमता के साथ पहुंचेगा।इस संबंध में जल उपभोक्ता समिति के अध्यक्ष रवि दुबे ने कहा कि निस्तारी, कृषि उपयोग के लिए सोंढुर डैम का पानी नालियों के माध्यम से छोड़ गया है, पर नालियों की ठीक तरह से मरम्मत नहीं किए जाने से कई स्थानों पर जल व्यर्थ बह रहा है। इस बात की जानकारी मिली है। सही पाए जाने पर कलेक्टर से शिकायत की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा