भाजपा का यह प्रदर्शन नहीं, कांग्रेस कार्यालय पर हमला था : दीपक बैज

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा का यह प्रदर्शन नहीं, कांग्रेस कार्यालय पर हमला था : दीपक बैज


रायपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। भाजपा कार्यकर्ताओं के कांग्रेस कार्यालय घेराव को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में हुई घटना के विरोध में राहुल गांधी के प्रदर्शन से बौखलाकर भाजपा ने कांग्रेस कार्यालय का घेराव किया। बैज ने इस घटना को प्रदर्शन नहीं बल्कि कांग्रेस कार्यालय पर हमला और आक्रमण करार दिया।

दीपक बैज ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता हाथों में लाठी, डंडे और पत्थर लेकर कांग्रेस कार्यालय पहुंचे थे। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पत्थर फेंके गए। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि भाजपा के प्रदर्शन में छह-छह मंत्री शामिल होते हैं। मंत्रियों की जिम्मेदारी कानून-व्यवस्था बनाए रखने की होती है, लेकिन वे खुद ही उकसाऊ भाषण दे रहे थे।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बैज ने पुलिस प्रशासन पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पूरी घटना के दौरान पुलिस मूकदर्शक बनी रही। कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए। भाजपा का यह प्रदर्शन नहीं था, बल्कि कांग्रेस कार्यालय पर हमला था। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम की कड़ी निंदा की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

Share this story