पतला धान पहुंच रहा मंडी, 4,500 रुपये क्विंटल तक बिक रहा

WhatsApp Channel Join Now
पतला धान पहुंच रहा मंडी, 4,500 रुपये क्विंटल तक बिक रहा


धमतरी, 29 नवंबर (हि.स.)। समर्थन मूल्य पर धान खरीद शुरू होने के दौरान इस साल जिले के मंडियों में पतला धान का दाम आसमान छू रहा है। 3000 से 4500 रुपये प्रति क्विंटल बिक रहा है, ऐसे में किसान अपना पतला धान खरीद केन्द्रों की बजाय सीधे मंडी बेचने पहुंच रहा है। यही वजह है कि इस साल खरीद केन्द्रों में पतला धान की आवक नहीं के बतौर है। 15 नवंबर से अब तक सिर्फ जिले में 40 हजार क्विंटल ही पतला धान की आवक हुई है।

जिले के 108 खरीद केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर धान की खरीद जारी है। 15 नवंबर से अब तक जिले में कुल तीन लाख 57 हजार 830 क्विंटल धान की खरीद हुई है, जिसमें मोटा दो लाख 75574 क्विंटल है। सरना 41 हजार 944 क्विंटल और पतला सबसे कम 40 हजार 311 क्विंटल है। मंडियों में पतला धान के दाम में बढ़ोत्तरी होने के बाद से खरीद केन्द्रों में पतला धान की आवक नहीं के बतौर है। शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान के समर्थन मूल्य में गत वर्ष की तुलना में 72 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है। इसके तहत धान की ग्रेड-ए किस्म का समर्थन मूल्य 2,461 रुपये तथा कामन किस्म का समर्थन मूल्य 2,441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। जबकि कृषि उपज मंडी धमतरी एवं कुरूद में धान के दाम काफी बढ़ा हुआ है।

मंडियों से मिली जानकारी के अनुसार गत वर्ष धान की ग्रेड-ए किस्म का न्यूनतम मूल्य 1,600 रुपये तथा अधिकतम 2,500 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया था, जबकि इस साल मूल्य बढ़कर न्यूनतम 1,720 रुपये से अधिकतम 4,245 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया है। ग्रेड-कामन मोटा धान का मूल्य गत वर्ष 1,760 से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल के बीच था, जो इस वर्ष बढ़कर 1,800 से 3,200 रुपये प्रति क्विंटल तक दर्ज किया गया है। महामाया किस्म के धान को लगभग 3,000 से 3,200 रुपये प्रति क्विंटल तथा श्रीराम, ओम-थ्री और आरबी गोल्ड जैसी पतली किस्मों को 3,000 से 4,500 रुपये प्रति क्विंटल तक कीमत मिल रही है। विशेषकर गुणवत्ता एवं मांग के अनुरूप विभिन्न किस्मों के धान को मिल रहे बेहतर दाम से किसानों को आर्थिक लाभ के अवसर प्राप्त हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार मंडी में धान की आवक एवं कीमतों में वृद्धि के पीछे बाजार में बढ़ी मांग भी एक प्रमुख कारण है। पड़ोसी राज्य कर्नाटक, तेलंगाना एवं ओडिशा में अलनीनो के प्रभाव से उत्पादन प्रभावित होने के कारण धान व चावल की मांग में वृद्धि हुई है। इसका असर बाजार दरों पर भी दिखाई दे रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785463 Articles

Share this story