निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता से नहीं होगा समझौता: कलेक्टर

WhatsApp Channel Join Now
निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता से नहीं होगा समझौता: कलेक्टर


धमतरी, 05 अगस्त (हि.स.)।

धमतरी जिले में विभिन्न विभागों के अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और समय-सीमा की समीक्षा के लिए कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने की।

बैठक में लोक निर्माण विभाग, जल संसाधन विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, समाज कल्याण विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा क्रेडा सहित विभिन्न निर्माण एजेंसियों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं तथा गुणवत्ता के मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता न हो। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का लाभ समय पर आम नागरिकों तक पहुंचे, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ नियमित स्थल निरीक्षण और सतत निगरानी सुनिश्चित करें।

बैठक में निर्माणाधीन सड़कें, पुल-पुलिया, शासकीय भवन, पेयजल परियोजनाएं और अन्य अधोसंरचना कार्यों की विभागवार समीक्षा करते हुए वर्षा ऋतु को देखते हुए क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, गड्ढों की भराई, जल निकासी की समुचित व्यवस्था तथा सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। तकनीकी अथवा प्रशासनिक कारणों से लंबित कार्यों की बाधाएं तत्काल दूर कर निर्माण में तेजी लाने, सुरक्षा मानकों का पालन, गुणवत्ता परीक्षण, सामग्री की जांच और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी, विभिन्न निर्माण एजेंसियों के कार्यपालन अभियंता एवं ठेकेदार उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story