वाड्रफनगर में ज्वेलर्स दुकान का शटर तोड़कर लाखों के चांदी के जेवर पार

WhatsApp Channel Join Now
वाड्रफनगर में ज्वेलर्स दुकान का शटर तोड़कर लाखों के चांदी के जेवर पार


वाड्रफनगर में ज्वेलर्स दुकान का शटर तोड़कर लाखों के चांदी के जेवर पार


बलरामपुर, 17 अगस्त (हि.स.)। बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर नगर में ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। शहर के बीच स्थित अरविंद ज्वेलर्स का शटर तोड़कर अज्ञात चोर दुकान के अंदर दाखिल हुए और वहां रखे चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना रविवार रात की बताई जा रही है।

वारदात के बाद सोमवार को घटना की जानकारी सामने आने पर दुकान संचालक और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। चोरों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी निकाल लिया और अपने साथ ले गए। माना जा रहा है कि पहचान से बचने के लिए आरोपितों ने यह कदम उठाया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोरों ने पहले दुकान के शटर को तोड़ा और भीतर प्रवेश किया। इसके बाद दुकान में रखे चांदी के आभूषणों को अपने कब्जे में लिया। चोरी के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए।

चोरी हुए जेवरात की पूरी सूची और कीमत का अभी अंतिम आकलन नहीं हो सका है। दुकान संचालक द्वारा स्टॉक का मिलान किए जाने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कितने मूल्य के आभूषण चोरी हुए हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान का निरीक्षण कर जांच शुरू की। दुकान का डीवीआर चोरी होने के कारण पुलिस अब आसपास के प्रतिष्ठानों और प्रमुख स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है।

पुलिस चोरों के आने-जाने के संभावित रास्तों की भी जांच कर रही है। आसपास के कैमरों से संदिग्ध लोगों और वाहनों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

वाड्रफनगर शहर के बीच ज्वेलरी दुकान में चोरी की घटना सामने आने के बाद स्थानीय व्यापारियों में चिंता का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि मुख्य बाजार क्षेत्र में इस तरह की वारदात सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े करती है। उन्होंने पुलिस से मामले का जल्द खुलासा करने और आरोपितों को गिरफ्तार करने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस चोरी की घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत सामने आने के बाद नुकसान का स्पष्ट आंकड़ा सामने आएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story