सक्ती : 40 हजार की लूट में एक आरोपित गिरफ्तार, नाबालिग भी हिरासत में
जैजैपुर/सक्ती, 22 फरवरी (हि. स.)। थाना जैजैपुर पुलिस ने उठाईगिरी की वारदात का आज रविवार को खुलासा करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी हिरासत में लिया गया है। मामले में एक अन्य आरोपित अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम ओडेकेरा निवासी बुधेस्वर देवांगन ने 18 फरवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह सहकारी बैंक जैजैपुर से धान बिक्री की 40 हजार रुपये की राशि निकालकर टीवीएस लूना से घर लौट रहा था। रकम को एक थैले में रखकर वाहन के हैंडल में लटका रखा था।
रास्ते में एक पेट्रोल पंप पर वाहन खड़ा कर अलग से बोतल में पेट्रोल लेने गया। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवक उसका पीछा करते हुए वहां पहुंचे और लूना के हैंडल में लटके पैसों से भरा थैला लेकर फरार हो गए।
पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना जैजैपुर में अपराध क्रमांक 62/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। घटना की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई।
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी सक्ती भुवनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में थाना जैजैपुर पुलिस और साइबर टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान की।
जांच के दौरान दीपक प्रधान (27 वर्ष), निवासी दोषमनिया थाना कॉलिंगनगर जिला जाजपुर (उड़ीसा), हाल मुकाम ग्राम भीमखोज जिला महासमुंद को जैजैपुर क्षेत्र में संदिग्ध अवस्था में घूमते पाए जाने पर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने साथी विजय और एक नाबालिग के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपितों के कब्जे से उठाईगिरी की गई राशि में से 30 हजार रुपये एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त की गई है। आरोपित दीपक प्रधान एवं विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। शेष फरार आरोपित की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में साइबर प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह, थाना प्रभारी उप निरीक्षक जीएस राजपूत, सहायक उप निरीक्षक आरएस राठौर सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की विशेष भूमिका रही।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

