जांजगीर-चांपा के बिर्रा में चोरी का खुलासा, तीन आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा के बिर्रा में चोरी का खुलासा, तीन आरोपित गिरफ्तार


लाखों के जेवरात व मारुति ईको कार जब्त

जांजगीर चांपा, 21 फरवरी (हि.स.)। जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने आज शनिवार को खुलासा करते हुए तीन आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। संयुक्त कार्रवाई में चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मारुति ईको कार को जब्त किया गया है। बरामद संपत्ति की कुल कीमत लगभग 6 लाख 25 हजार रुपये से अधिक आंकी गई है।

मामले के अनुसार, पीड़िता कृष्णो साहू, निवासी तालदेवरी, थाना बिर्रा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 29 जनवरी 2026 की रात वह अपने परिवार के साथ भोजन कर सो गई थीं। सुबह करीब 4 बजे उठने पर उन्होंने देखा कि कमरे की अलमारी और अंदर का लॉकर खुला हुआ था। जांच करने पर लॉकर में रखे सोने का एक लॉकेट, सोने के टॉप्स, चांदी की पायल, एक पुराना मोबाइल फोन तथा 30 हजार रुपये नगद गायब थे। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत एक लाख 19 हजार रुपये बताई गई थी। पुलिस ने अज्ञात आरोपित के विरुद्ध अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी चांपा सतरूपा तारम के पर्यवेक्षण में थाना बिर्रा स्टाफ और साइबर टीम की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान संदेह के आधार पर तीन आरोपिताें—राज कुमार कर्ष (28 वर्ष), जितेंद्र साहू (28 वर्ष) और विनोद कुमार कर्ष (39 वर्ष)—को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपिताें ने चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपिताें के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात, रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त मारुति ईको कार क्रमांक CG 10 BJ 2180 को जब्त किया गया। बरामद संपत्ति की कुल कीमत लगभग 6,25,000 रुपये से अधिक पाई गई। पुलिस ने तीनों आरोपिताें को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

इस कार्रवाई में साइबर टीम प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक सहित थाना बिर्रा के अधिकारियों और स्टाफ का विशेष योगदान रहा। पुलिस ने कहा है कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story