यादव समाज ने ‘यादव जी की लव स्टोरी’ फिल्म पर रोक लगाने की मांग की

WhatsApp Channel Join Now
यादव समाज ने ‘यादव जी की लव स्टोरी’ फिल्म पर रोक लगाने की मांग की


धमतरी, 25 फ़रवरी (हि.स.)। प्रस्तावित फिल्म “यादव जी की लव स्टोरी” को लेकर यादव समाज में विरोध तेज हो गया है। फिल्म निर्माता अंकित भडाना और संदीप तोमर द्वारा 27 फरवरी 2026 को रिलीज की जा रही इस फिल्म पर आपत्ति जताते हुए सर्व यादव समाज छत्तीसगढ़ ने प्रदर्शन से पूर्व प्रतिबंध लगाने की मांग की है।

समाज के पदाधिकारियों का कहना है कि फिल्म में एक यादव युवती और मुस्लिम युवक के काल्पनिक प्रेम प्रसंग को दर्शाया गया है, जो समाज की भावनाओं को आहत करने वाला है। उनका आरोप है कि फिल्म का नाम और कथानक यादव समाज की बहन-बेटियों के सम्मान के विपरीत है, जिससे देशभर के यादव समाज में आक्रोश व्याप्त है। संगठन ने आशंका जताई है कि फिल्म के प्रदर्शन से सामाजिक सौहार्द बिगड़ सकता है।

इसी मांग को लेकर बुधवार दोपहर यादव समाज धमतरी का एक प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर कार्यालय पहुंचा और अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और फिल्म विकास बोर्ड के अध्यक्ष से हस्तक्षेप कर फिल्म को रिलीज से पूर्व प्रतिबंधित करने की मांग की गई है।

इस दौरान जिलाध्यक्ष घनश्याम यादव, मदन यदु, मुकेश यादव, रामनाथ यादव, मोहन कुमार यादव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। समाज ने चेतावनी दी है कि यदि मांग पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आगे आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story