सप्ताहभर में पूरा करना होगा पाठ्यक्रम, काम में कोताही बरतने पर हो कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
सप्ताहभर में पूरा करना होगा पाठ्यक्रम, काम में कोताही बरतने पर हो कार्रवाई


धमतरी, 19 नवंबर (हि.स.)। बोर्ड परीक्षा की तैयारी और स्कूलों में शिक्षण व्यवस्था सुधारने के लिए शिक्षा विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। सभी स्कूलों को एक सप्ताह में पाठ्यक्रम पूरा करने और कमजोर विद्यार्थियों को प्रश्न बैंक से अभ्यास कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं बिना सूचना लंबी छुट्टी पर रहने और पढ़ाई में लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों पर कार्रवाई की जाएगी।

गुरुवार को संभागीय संयुक्त संचालक शिक्षा संजीव श्रीवास्तव ने धमतरी पहुंचकर जिले के विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और शासकीय हाई एवं हायर सेकंडरी स्कूलों के प्राचार्यों की बैठक ली। इसमें 15 नवंबर तक पाठ्यक्रम पूर्णता की स्थिति की समीक्षा की गई। सामने आया कि जिले के अधिकांश स्कूलों में 80 से 90 प्रतिशत तक पाठ्यक्रम पूरा हो चुका है। शेष पाठ्यक्रम एक सप्ताह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है। वहीं वीएसके एप में उपस्थिति दर्ज नहीं कराने वाले शिक्षकों और संबंधित संस्था प्रमुख का नवंबर माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं।

बोर्ड परीक्षा में बेहतर परिणाम के लिए सभी स्कूलों को एक सप्ताह के भीतर प्रश्न बैंक की पीडीएफ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें पिछले पांच से सात वर्षों के बोर्ड परीक्षा के प्रश्न और उनके हल शामिल हैं। शिक्षकों को कमजोर विद्यार्थियों को इन प्रश्नों का अभ्यास कराकर परीक्षा की तैयारी कराने कहा गया है। वहीं अच्छे विद्यार्थियों को पूरे पाठ्यक्रम का नियमित रिवीजन कराने और उनकी तैयारी को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए हैं।संयुक्त संचालक श्रीवास्तव ने प्राचार्यों को अपने अधीनस्थ प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों का हर सप्ताह निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं।

निरीक्षण के दौरान बच्चों के पढ़ाई के स्तर और शिक्षकों के अध्यापन की समीक्षा करनी होगी। पढ़ाई में लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा जर्जर भवनों में कक्षाएं नहीं लगाने की हिदायत दी गई है।जिले के सभी शासकीय स्कूलों में प्रार्थना सभा के दौरान राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत और मंत्रोच्चार के लिए माइक सेट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी, सहायक संचालक यदुनंदन वर्मा, कीर्ति कुमार, के के साहू, परीक्षा शाखा के लेखन साहू सहित जिले के सभी शासकीय स्कूलों के प्राचार्य उपस्थित थे। बैठक में प्राचार्यों की शत-प्रतिशत उपस्थिति रही।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779850 Articles

Share this story