धमतरी : चार दिन बाद खत्म हुई तलाश, नदी के दूसरे छोर पर मिला तराना का शव

WhatsApp Channel Join Now
धमतरी : चार दिन बाद खत्म हुई तलाश, नदी के दूसरे छोर पर मिला तराना का शव


धमतरी : चार दिन बाद खत्म हुई तलाश, नदी के दूसरे छोर पर मिला तराना का शव


धमतरी, 29 सितंबर (हि.स.)। धमतरी जिले मगरलाेड क्षेत्र के मेघा मातारानी पेट्रोल पंप के पास नाली के तेज बहाव में चार दिन पहले बह गई बालिका तराना निषाद का शव मंगलवार को नदी के दूसरे छोर पर बरामद किया गया। ग्राम सौंगा की सीमा के पास आमा बगीचा चंद्राकर खेत के समीप नदी के बीच गड्ढे के पानी में शव उफलता दिखाई दिया। जलस्तर कम होने के बाद ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

जानकारी के अनुसार क्षेत्र में चार दिन पहले हुई तेज बारिश के कारण नदी में बाढ़ की स्थिति बन गई थी। इसी दौरान ग्राम मेघा के ग्रामीण बड़ी संख्या में नदी का जलस्तर देखने पहुंचे थे। अचानक पैर फिसलने से तराना निषाद नाली के तेज बहाव की चपेट में आ गई और नदी में बह गई। घटना के बाद से ग्रामीणों, गोताखोरों और पुलिस की टीम द्वारा लगातार उसकी तलाश की जा रही थी, लेकिन नदी में जलस्तर अधिक होने और तेज बहाव के कारण तलाशी अभियान में काफी दिक्कतें आ रही थीं। मंगलवार को पानी का स्तर कुछ कम हुआ तो ग्रामीणों को नदी के बीच शव दिखाई दिया। शव तक पहुंचने के लिए ग्रामीणों को अब भी घुटने तक पानी पार करना पड़ा। कई दिनों तक पानी में रहने के कारण शव काफी खराब अवस्था में था। सूचना मिलते ही गिरौद, मेघा, सौंगा, हरदी सहित आसपास के गांवों के बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

मगरलोड थाना प्रभारी प्रमोद अमलतास के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकालने की कार्रवाई की। पुलिस ने मृतका की पहचान तराना निषाद के रूप में की। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद मेघा सहित आसपास के गांवों में शोक का माहौल है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story