रोटरी क्लब ने जगदलपुर से दंतेवाड़ा जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए शुरू की निःशुल्क बस सेवा

WhatsApp Channel Join Now
रोटरी क्लब ने जगदलपुर से दंतेवाड़ा जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए शुरू की निःशुल्क बस सेवा


जगदलपुर, 11 अक्टूबर (हि.स.)। बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी के दर्शन के लिए दंतेवाड़ा जाने वाले श्रद्धालुओं और आम यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रोटरी क्लब जगदलपुर ने एक सराहनीय और जनहितैषी पहल की है। सामाजिक सरोकार के तहत क्लब द्वारा ‘प्रोजेक्ट आशा’ के माध्यम से जगदलपुर से दंतेवाड़ा के बीच निःशुल्क बस सेवा की शुरुआत की गई है। रविवार को जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर में महापौर संजय पांडे एवं राजपरिवार के सदस्य कमल चंद्र भंजदेव की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर इस बस सेवा का शुभारंभ किया गया।

वर्तमान में जगदलपुर से दंतेवाड़ा के बीच सीमित रेल सेवाएं संचालित होने के कारण यात्रियों और श्रद्धालुओं को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इसी समस्या के समाधान और आस्थावान श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम बनाने के उद्देश्य से रोटरी क्लब ने इस वैकल्पिक परिवहन सेवा की नींव रखी है। यह निःशुल्क बस सेवा 11 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक निरंतर जारी रहेगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बसों का संचालन निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार किया जाएगा। जगदलपुर (माँ दंतेश्वरी मंदिर परिसर) से दंतेवाड़ा पहली बस: सुबह 7:00 बजे, दूसरी बस: दोपहर 2:00 बजे जायेगी। दंतेवाड़ा (माँ दंतेश्वरी मंदिर परिसर) से जगदलपुर पहली बस: सुबह 10:00 बजे, दूसरी बस: शाम 5:00 बजे वापस पंहुचेगी।

रोटरी क्लब के सचिव रोटेरियन अंकित गोयल ने यात्रा से जुड़े एक महत्वपूर्ण नियम को स्पष्ट करते हुए बताया कि यह बस सेवा केवल एक तरफा यात्रा के रूप में उपलब्ध है। जगदलपुर से दंतेवाड़ा जाने वाले यात्रियों को उसी बस से वापस जगदलपुर लाने की कोई बाध्यता या व्यवस्था नहीं होगी। यात्रियों को अपनी वापसी की व्यवस्था स्वयं करनी होगी। इसी प्रकार, दंतेवाड़ा से जगदलपुर आने वाली बसें केवल निर्धारित समय पर चलेंगी, इसे पहले गए यात्रियों की सुनिश्चित वापसी सेवा न माना जाए।

रोटरी क्लब जगदलपुर के उपाध्यक्ष रोटेरियन संग्राम सिंह राणा ने बताया कि ‘प्रोजेक्ट आशा’ वास्तव में समाज सेवा और धार्मिक आस्था का एक अनोखा संगम है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य परिवहन संबंधी समस्याओं से जूझ रहे बस्तर के आम जन और श्रद्धालुओं को सीधी राहत पहुंचाना है। यात्रियों से अपील है कि वे प्रस्थान स्थल, समय और एकतरफा यात्रा की शर्त का ध्यान रखते हुए ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं

इस पूरी व्यवस्था के संचालन और समन्वय की जिम्मेदारी रोटरी क्लब के उपाध्यक्ष व प्रोजेक्ट चेयरमैन रोटेरियन संग्राम सिंह राणा, सचिव रोटेरियन अंकित गोयल और संयुक्त सचिव रोटेरियन सप्तगिरि मद्दी द्वारा कुशलतापूर्वक संभाली जा रही है। शुभारंभ के अवसर पर रोटरी क्लब के अन्य वरिष्ठ सदस्य भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story