धमतरी में मंगलवार को शाम छह बजे से अछोटा की रामलीला मंडली करेगी मंचन, रावण दहन के बाद होगी आकर्षक आतिशबाजी
धमतरी, 19 अक्टूबर (हि.स.)। असत्य पर सत्य की विजय के प्रतीक विजयादशमी पर्व पर मंगलवार, 20 अक्टूबर को शहर में दशहरा उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। नगर निगम द्वारा इस बार शासकीय उच्चतर माध्यमिक बालक शाला के पीछे स्थित स्व. विष्णु हिरवानी एकलव्य खेल मैदान में 45 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा।
नगर के इतिहास में दशहरा उत्सव के आयोजन स्थल में पहली बार बदलाव किया गया है। पिछले करीब 75 वर्षों से बिलाई माता मंदिर के पास स्थित रामलीला मैदान यानी गौशाला मैदान में रावण दहन की परंपरा चली आ रही थी। मैदान में जगह की कमी और दर्शकों को होने वाली असुविधा को देखते हुए नगर निगम ने इस बार आयोजन स्थल बदलने का निर्णय लिया है। नए मैदान में दर्शकों को बैठने और रामलीला देखने के लिए अधिक जगह उपलब्ध होगी। नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी आयोजन को भव्य और व्यवस्थित बनाने की तैयारियों में जुटे हैं। मंगलवार शाम 6 बजे से कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इस दौरान अछोटा की रामलीला मंडली द्वारा रामलीला का मंचन किया जाएगा। इसके बाद 45 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन होगा। कार्यक्रम में अतिथियों का संबोधन भी होगा। रावण दहन के बाद आकर्षक आतिशबाजी की जाएगी, जिसमें पांच सितारा और नवरंग चक्कर, बिन बादल बरसात, नीली बरसात, सूरजमुखी अनार, झाड़ू झरना, 120 शॉट और 60 शॉट के आसमानी गोले, गोल्डन और नूरानी सेहरा, झूला चक्र तथा कैलाश मंडल जैसे पटाखे आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
महापौर रामू रोहरा ने शहर और अंचलवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दशहरा सत्य की विजय और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। रावण दहन हमें संदेश देता है कि बुराई कितनी भी शक्तिशाली क्यों न हो, अंत में जीत सत्य की ही होती है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा और दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल बदला गया है। बड़े मैदान में कार्यक्रम का आयोजन अधिक भव्यता और बेहतर व्यवस्था के साथ किया जा सकेगा। दशहरा उत्सव को लेकर शहरवासियों में उत्साह है और लोगों को रामलीला मंचन, रावण दहन तथा आतिशबाजी का इंतजार है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

