माटी के दीयों में सजेगा जनभावनाओं का उजाला, मंत्री लखन लाल देवांगन ने खरीदे मिट्टी के दीये

WhatsApp Channel Join Now
माटी के दीयों में सजेगा जनभावनाओं का उजाला, मंत्री लखन लाल देवांगन ने खरीदे मिट्टी के दीये


कोरबा, 15 सितंबर (हि. स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की जनसेवा और राष्ट्रनिर्माण की यात्रा के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से 17 सितंबर को शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा।

इस जनअभियान को लेकर कोरबा जिले में भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। कैबिनेट मंत्री एवं कोरबा विधायक लखन लाल देवांगन ने आज मंगलवार को दर्री मुख्य मार्ग पहुंचकर मिट्टी के दीये खरीदे और जिलेवासियों से भी इस अभियान में सहभागी बनने की अपील की।

मिट्टी के दीये खरीदते हुए मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि माटी का छोटा-सा दीपक केवल रोशनी का माध्यम नहीं है, बल्कि इसमें देशवासियों की भावनाएं, विश्वास और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा के प्रति सम्मान का भाव जुड़ा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष देश और समाज की सेवा को समर्पित किए हैं। उनके नेतृत्व में देश ने विकास, आत्मविश्वास और राष्ट्रनिर्माण की दिशा में नई गति हासिल की है।

मंत्री ने कहा कि 17 सितंबर की शाम 7 बजे जब कोरबा सहित देशभर के घर-आंगन में ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित होगा, तो हजारों-लाखों दीपक मिलकर जनभावनाओं के बड़े प्रकाश में बदल जाएंगे। यह दीपक सेवा, सुशासन, विश्वास और विकसित भारत के संकल्प का प्रतीक बनेगा।

उन्होंने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के माध्यम से आम नागरिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपने स्नेह और उनके दीर्घ सार्वजनिक जीवन के प्रति आभार व्यक्त कर सकते हैं। उन्होंने कोरबा के नागरिकों से अपील की कि 17 सितंबर की शाम अपने घर-आंगन में एक दीया जरूर जलाएं। यह दीपक प्रधानमंत्री के प्रति स्नेह, 25 वर्षों के सेवा समर्पण के लिए आभार और विकसित भारत के संकल्प में विश्वास का प्रतीक बने।

मंत्री देवांगन ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ को केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। इसका उद्देश्य जनसेवा को जनभागीदारी से जोड़ना है। समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से ही सेवा और संकल्प की भावना को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने जिलेवासियों से बड़ी संख्या में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर इस अभियान को यादगार बनाने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रफुल्ल तिवारी, मनोज लहरे, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, तुलसी ठाकुर, पार्षद मुकुंद कंवर, भूपेंद्र साहू, भुवनेश्वर दुबे सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story