जय जगन्नाथ के जयघोष से गूंजेगा रायपुर, 16 जुलाई को निकलेगी भव्य रथयात्रा

WhatsApp Channel Join Now
जय जगन्नाथ के जयघोष से गूंजेगा रायपुर, 16 जुलाई को निकलेगी भव्य रथयात्रा


रायपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। राजधानी रायपुर में 16 जुलाई को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी। गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर से निकलने वाली इस रथयात्रा में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रथ के समक्ष स्वर्ण झाड़ू से 'छेरा पहरा' की पारंपरिक रस्म निभाएंगे। यह परंपरा सेवा, समर्पण और विनम्रता का प्रतीक मानी जाती है, जो राजा से लेकर आमजन तक सभी के लिए समान संदेश देती है।

रथयात्रा में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। इस दौरान महिला मंडलों द्वारा भजन-कीर्तन, आकर्षक सांस्कृतिक झांकियां, पारंपरिक लोकनृत्य और जय जगन्नाथ के गगनभेदी जयघोषों से पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगा।

जगन्नाथ मंदिर सेवा समिति के संस्थापक अध्यक्ष एवं रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने पत्रकारवार्ता में बताया कि, रथयात्रा भक्त और भगवान के प्रत्यक्ष मिलन का महापर्व है। वर्ष में केवल इसी अवसर पर भगवान जगन्नाथ अपने बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ मंदिर से बाहर निकलकर भक्तों को दर्शन देते हैं। उन्होंने कहा कि यह पर्व केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक ही नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच सांस्कृतिक एकता, भाईचारे और सनातन परंपराओं का भी जीवंत उत्सव है।

उन्होंने बताया कि रथयात्रा के दिन सुबह 11 वैदिक पंडितों द्वारा विशेष अभिषेक, पूजन एवं हवन कराया जाएगा। चंदन, केसर, कस्तूरी, कपूर सहित विभिन्न सुगंधित द्रव्यों से भगवान का दिव्य स्नान कराया जाएगा तथा पारंपरिक गजामूंग महाप्रसाद अर्पित किया जाएगा। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और मंगल वाद्ययंत्रों की ध्वनि के बीच भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा अपने दिव्य रथों पर विराजमान होकर नगर भ्रमण के लिए निकलेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Share this story