धमतरी में नशामुक्ति का बिगुल, 100 सप्ताह तक चलेगा जनजागरूकता अभियान
धमतरी, 06 अगस्त (हि.स.)। जिले में युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाकर स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से व्यापक नशामुक्ति अभियान चलाया जाएगा।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का साझा दायित्व है। उन्होंने सामाजिक, धार्मिक और स्वयंसेवी संस्थाओं से अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान करते हुए कहा कि अधिक से अधिक बच्चों और युवाओं तक सकारात्मक संदेश पहुंचाकर धमतरी को नशामुक्त और जागरूक जिला बनाया जा सकता है। बैठक में जिला युवा अधिकारी श्रुति डोंगरे, समाज कल्याण विभाग, आयुष विभाग के अधिकारी तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कलेक्टर ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “नशामुक्त भारत” के आह्वान के अनुरूप जिले में एक सप्ताह का विशेष नशामुक्ति अभियान संचालित किया जाएगा, जिसके तहत प्रत्येक समाज और संस्था अपने स्तर पर सात दिवसीय जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेगी। आर्ट ऑफ लिविंग सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा व्यक्तित्व विकास, जीवन कौशल, योग, ध्यान और सकारात्मक जीवनशैली पर आधारित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जबकि कबीर समाज द्वारा मगरलोड और बोरई क्षेत्र में किए जा रहे जागरूकता कार्यों की भी सराहना की गई। उन्होंने बताया कि “विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा” अभियान के तहत जिले में आगामी 100 सप्ताह तक विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों, महिला एवं युवा समूहों तथा सामाजिक संगठनों के सहयोग से चरणबद्ध जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। अभियान के दौरान प्रत्येक रविवार को विशेष आयोजन होंगे और सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। स्कूल-कॉलेजों में चित्रकला, निबंध, भाषण, रैली, वॉल पेंटिंग, नुक्कड़ नाटक, योग, फिजिकल ट्रेनिंग, सेल्फ डिफेंस, मोबाइल एडिक्शन जागरूकता और परामर्श सत्र आयोजित कर युवाओं, पालकों और शिक्षकों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाएगा। बैठक में अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने, विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और प्रत्येक विकासखंड में प्रभावी गतिविधियां संचालित करने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

