घुर नक्सल प्रभावित रहे अरनपुर-नीलावाया मार्ग 10 वर्ष बाद बना

WhatsApp Channel Join Now
घुर नक्सल प्रभावित रहे अरनपुर-नीलावाया मार्ग 10 वर्ष बाद बना


दंतेवाड़ा, 03 अगस्त (हि.स.)। जिले के घुर नक्सल प्रभावित रहे अरनपुर-नीलावाया मार्ग पर आखिरकार 10 वर्ष बाद पंहुच मार्ग बन गया । प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनने वाली करीब पांच किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण 2016-17 में शुरू हुआ था। नक्सली हिंसा और लगातार विरोध के कारण यह काम वर्षों तक अधूरा पड़ा रहा। अब सुरक्षाबलों के अभियान से क्षेत्र में नक्सली प्रभाव कमजोर पड़ा है। सड़क के साथ गोला नाले पर टूटा पुल भी दोबारा बनकर तैयार हो गया है।

अरनपुर-नीलावाया मार्ग पर कभी नक्सलियों के संतरी 24 घंटे निगरानी करते थे, वहां अब पहली बार ग्रामीणों को निर्बाध आवागमन की सुविधा मिलने जा रही है। सड़क बनने के बाद ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की उम्मीद जरूर जगी है, लेकिन नीलावाया आज भी कई बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। गांव में अब तक स्थायी पीडीएस दुकान नहीं है। ग्राम पंचायत भवन का निर्माण भी नहीं हो पाया है। वर्षों तक विकास कार्य रुकने से शिक्षा, स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं का लाभ भी गांव तक पूरी तरह नहीं पहुंच सका।उल्लेखनीय है कि अरनपुर-नीलावाया सड़क पर शुरुआत में केवल मिट्टी और मुरुम का काम ही हो पाया था। इसी दौरान 30 अक्टूबर 2018 को जंगल में नक्सलियों ने कैमरा पर्सन पर घात लगाकर हमला किया था। इस हमले में दूरदर्शन के कैमरा पर्सन अच्युतानंद साहू और दो पुलिस जवान शहीद हो गए थे। नक्सलियों ने गोला नाले के पुल को आग लगाकर कमजोर किया। बाद में उसे ध्वस्त कर दिया था। इसका मकसद बारिश के मौसम में नीलावाया तक प्रशासन और सुरक्षा बलों की पहुंच रोकना था। पुल टूटने के बाद करीब दस वर्षों तक ग्रामीण तार, लकड़ी और पेड़ों के सहारे नाला पार करने को मजबूर रहे। बरसात के दिनों में गांव का संपर्क पूरी तरह कट जाता था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story