हथियार लहराकर फैलाया दहशत, मुख्य आरोपित समेत सात हिरासत में

WhatsApp Channel Join Now
हथियार लहराकर फैलाया दहशत, मुख्य आरोपित समेत सात हिरासत में


15 नकाबपोशों की गिरफ्तारी शेष, वार्डवासियों में आक्रोश बरकरार

23 अक्टूबर की रात शहर के एक अन्य वार्ड में 12 से 15 गुंडा-बदमाशों ने लहराया हथियार

धमतरी, 24 अक्टूबर (हि.स.)। शहर के बांसपारा व मराठापारा में पिछले दिनों 22 नकाबपोशों ने आधी रात हथियार व लाठी-डंडा लहराकर वार्डवासियों में दहशत फैलाया था। आक्रोश रैली व थाना घेराव के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना में संलिप्त मुख्य आरोपित व छह नाबालिगों काे हिरासत में पुलिस ने लिया है। सभी के खिलाफ पुलिस ने जुर्म दर्ज कर लिया है।

अभी भी 15 नकाबपोशों की गिरफ्तारी शेष है, जो पुलिस के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। वहीं 22 अक्टूबर की रात में भी शहर के एक अन्य वार्ड में 12 से 15 गुंडा-बदमाशों ने हथियार लेकर उत्पात मचाया है, इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रही है, जो अब चिंता का विषय है।

सिटी कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 21 अक्टूबर की रात करीब 12 बजे से दो बजे के बीच 22 युवक चेहरे पर गमछा बांधकर मराठा पारा एवं बांसपारा वार्ड में एकत्र हुए। उनके हाथों में लाठी, डंडे, लोहे की राड, तलवार एवं चाकू जैसे हथियार थे। सभी पर आरोप है कि उक्त युवकों ने मोहल्लेवासियों के साथ अश्लील गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। घरों के दरवाजों एवं दुकानों के शटर पर लाठी-डंडों से वार कर क्षेत्र में भय का माहौल उत्पन्न किया। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात नकाबपोशों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर विवेचना में लिया था।

इस दौरान मुख्य आरोपित नोमेश पटेल उर्फ आर्यन उम्र 19 वर्ष निवासी विंध्यवासिनी वार्ड कारगिल चौक धमतरी के रूप में हुई, जिसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपित ने घटना में संलिप्तता स्वीकार किया। वहीं इस मामले में संलिप्त छह विधि से संघर्षरत बालकों के संबंध में नियमानुसार सामाजिक पृष्ठभूमि प्रतिवेदन तैयार कर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू, बांस के डंडे एवं घटना के समय पहने गए कपड़ों को जब्त कर पुलिस कब्जे में लिया है। प्रकरण में तथ्यों के आधार पर आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में संलिप्त अन्य आरोपितों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

शहर के मराठापारा व बांसपारा में 22 नकाबपोशों ने हथियार और लाठी-डंडा लेकर भय फैलाया था। इसके दो दिन बाद 22 अक्टूबर की रात शहर के एक अन्य वार्ड में 12 से 15 युवक हाथ में हथियार लेकर भय फैलाते हुए दिखाई दिया है। इसका भी वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रही है, जो पुलिस प्रशासन के लिए अब बड़ी चुनौती है, क्योंकि शहर के गुंडा-बदमाशों में अब पुलिस का भय खत्म होता नजर आ रहा है, इसलिए गुंडा-बदमाश बेखौफ होकर हथियार लेकर रात में उत्पात मचाने का वीडियो बनवाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर रहे हैं, जो पुलिस प्रशासन के लिए चिंता का विषय है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766288 Articles

Share this story