नवा रायपुर में 22  काे सजेगी तीज उत्सव की रंगत

WhatsApp Channel Join Now
नवा रायपुर में 22  काे सजेगी तीज उत्सव की रंगत


विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में होगा आयोजन

रायपुर, 21 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक-संस्कृति, पारंपरिक तीज-त्योहारों और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 22 सितंबर को नवा रायपुर में भव्य तीज मिलन उत्सव का आयोजन किया जाएगा। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास तथा उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा की मेजबानी में यह कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक एम-12, सेक्टर-24, अटल नगर, नवा रायपुर में आयोजित होगा।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह अपनी धर्मपत्नी वीणा सिंह तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपनी धर्मपत्नी कौशल्या देवी साय के साथ शामिल होंगे। इसके अलावा राज्य मंत्रिमंडल के कई सदस्य, जनप्रतिनिधि और विभिन्न क्षेत्रों की गणमान्य हस्तियां भी उत्सव की शोभा बढ़ाएंगी।

मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ के पारंपरिक पर्व केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक पहचान के सशक्त प्रतीक हैं। तीज मिलन उत्सव का उद्देश्य छत्तीसगढ़िया संस्कृति, परंपराओं और लोक मूल्यों को संरक्षित करते हुए नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है।

उत्सव में पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजन, लोक-सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और तीजा पर्व से जुड़े पारंपरिक अनुष्ठानों की विशेष झलक देखने को मिलेगी, जिससे नवा रायपुर छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत के रंगों में सराबोर नजर आएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

Share this story