बीजापुर के सभी शिक्षक संगठनों ने प्रभारी मंत्री काे टीईटी मुद्दे पर अध्यादेश लाने साैंपा ज्ञापन
जगदलपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। शिक्षक संघर्ष मोर्चा के जिला सचिव कैलाश रामटेके ने रविवार काे विज्ञप्ति जारी कर बताया कि कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप एवं बीजापुर जिले के प्रभारी मंत्री को बीजापुर जिले के समस्त शिक्षक संगठनों द्वारा एकता का परिचय देते हुए टीईटी मुद्दे पर अध्यादेश लाने हेतु ज्ञापन सौंपा गया ।
सौंपे गये ज्ञापन में मांग की गई है कि पूरे देश में शिक्षा का अधिकार कानून वर्ष 2010 से लागू किया गया है सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार 2010 से नियुक्त देश के लगभग 25 लाख शिक्षकों को भी टीईटी परीक्षा उत्तीर्ण करने हेतु दिशा निर्देश दिए जा रहे हैं।
जबकि हमारी नियुक्ति की सेवा शर्तों एवं भर्ती अधिनियम मे यह था ही नही । इस संबंध में हम समस्त शिक्षकों का यह मानना है कि कोई भी कानून जिस स्थिति को बनता है, उसी तिथि से लागू होता है। 30 वर्ष पीछे जाकर उसे लागू करना उचित प्रतीत नहीं होता । जो शिक्षक 30-35 वर्षों से कार्य कर रहे हैं, उन्हें भी कोई महत्व नहीं दिया जा रहा है।
जिससे देश के 25 लाख शिक्षकों एवं उनके परिवार के भविष्य को लेकर सभी चिंतित हैं । प्रमुख मांगों में 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को संसद में अध्यादेश लाकर इस कानून में संशोधन की मांग की गई है, साथ ही प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना एवं प्रशिक्षित समस्त शिक्षकों की पदोन्नति की मांग की गई है।
इस दाैरान मंत्री केदार कश्यप के साथ भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष जी. वेंकट, भाजपा के जिला अध्यक्ष घासीराम नाग, सांसद प्रतिनिधि जिला राम राणा, भाजपा किसान मोर्चा के बलदेव उरसा उपस्थित थे। शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधि मंडल में छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ से दुब्बा कामेश्वर, जगबंधु मांझी, मोहम्मद जाकिर खान, सहायक शिक्षक फेडरेशन से महेश यालम, छत्तीसगढ़ टीचर एसोसिएशन से अलीम रिजवी, छत्तीसगढ़ शालेय शिक्षक संघ से विजय चापड़ी, अरुण सिंह, दीपक कोंण्ड्रा, टिकेश्वर चौहान, आदि शिक्षक उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

