जनगणना ड्यूटी व प्रशिक्षण के मुद्दों को लेकर शिक्षक संघ ने अधिकारियों से की मुलाकात

WhatsApp Channel Join Now
जनगणना ड्यूटी व प्रशिक्षण के मुद्दों को लेकर शिक्षक संघ ने अधिकारियों से की मुलाकात


धमतरी, 16 अप्रैल (हि.स.)। जनगणना कार्य से जुड़े ड्यूटी निर्धारण और प्रशिक्षण व्यवस्था को लेकर छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन जिला शाखा धमतरी ने गुरूवार को प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष अपनी मांगें तरीके से रखीं। संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिला जनगणना नोडल प्रभारी मरकाम, डीईओ जायसवाल और बीईओ चौधरी से मुलाकात कर चार सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा और विस्तार से चर्चा की।

जिलाध्यक्ष डा भूषण लाल चंद्राकार और ब्लॉक अध्यक्ष गेवाराम नेताम के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि जनगणना कार्य के लिए प्राथमिक व माध्यमिक शालाओं के प्रधान पाठकों की ड्यूटी लगाई गई है, जबकि विद्यालयों में पर्याप्त संख्या में शिक्षक उपलब्ध हैं। प्रधान पाठकों पर पहले से ही प्रशासनिक जिम्मेदारियां होने के कारण उन्हें इस कार्य से मुक्त रखने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। संघ ने अक्षय तृतीया (20 अप्रैल) के दिन प्रस्तावित जनगणना प्रशिक्षण को स्थगित कर अन्य तिथि में आयोजित करने की बात भी रखी। साथ ही भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशिक्षण स्थलों पर कूलर, पंखे, पेयजल और भोजन जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग की गई। कर्मचारियों की ड्यूटी उनके कार्यक्षेत्र में ही लगाने का मुद्दा भी जोरशोर से उठाया गया।

अधिकारियों ने कुछ मामलों में तकनीकी बाधाओं का हवाला देते हुए यथासंभव समाधान का आश्वासन दिया। डीईओ कार्यालय द्वारा ज्ञापन के आधार पर नगर निगम आयुक्त और कलेक्टर को आवश्यक कार्यवाही हेतु पत्राचार भी किया गया। बैठक में टेट उत्तीर्ण शिक्षकों की योग्यता को सर्विस बुक में दर्ज करने, लंबित परीक्षा अनुमति आदेश जारी करने और युक्तियुक्तकरण से प्रभावित शिक्षकों के लंबित वेतन भुगतान जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। संबंधित शाखा प्रभारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए। इसके अलावा बीईओ धमतरी से भी संगठन के पदाधिकारियों ने मुलाकात कर संस्था प्रमुखों को अतिरिक्त दायित्वों से मुक्त करने की मांग दोहराई, जिस पर संबंधित विभागों को पत्राचार किए जाने की जानकारी दी गई। इस दौरान ब्लाक सचिव हरीश कुमार साहू, रूपेश कुमार साहू सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story