रायपुर : टाटेकसा जलाशय योजना के सर्वेक्षण के लिए 3.47 करोड़ स्वीकृत

WhatsApp Channel Join Now

रायपुर 23 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और जल प्रबंधन को मजबूत करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है। शासन के जल संसाधन विभाग द्वारा आज मंगलवार काे मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के अंतर्गत विकासखंड अंबागढ़ चौकी की टाटेकसा जलाशय योजना के सर्वेक्षण कार्य के लिए 3 करोड़ 47 लाख 1 हजार रुपये की वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना के प्रारंभिक और तकनीकी सर्वेक्षण कार्य को समय सीमा में पूरा करने के लिए विभाग ने मुस्तैदी दिखाई है। शासन द्वारा इस संबंध में मुख्य अभियंता, महानदी गोदावरी कछार जल संसाधन विभाग, रायपुर को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।

टाटेकसा जलाशय योजना का सर्वेक्षण कार्य पूरा होने और परियोजना के धरातल पर उतरने से अंबागढ़ चौकी क्षेत्र के बड़े हिस्से को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल सकेगा। वनांचल और आदिवासी बाहुल्य इस जिले में जल संकट से निपटने और

कृषि उत्पादन को बढ़ावा देने में यह योजना बेहद कारगर साबित होगी। प्रशासनिक स्तर पर मंजूरी मिलने के बाद अब जल संसाधन विभाग जल्द ही इस जलाशय के लिए सर्वे का काम शीघ्र शुरू करने जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Share this story