स्वाइन फ्लू को लेकर अलर्ट, जिले में आठ संक्रमित मिले

WhatsApp Channel Join Now
स्वाइन फ्लू को लेकर अलर्ट, जिले में आठ संक्रमित मिले


धमतरी, 27 अगस्त (हि.स.)। जिले में स्वाइन फ्लू के आठ मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। छह मरीज कुरुद और दो धमतरी शहर के हैं। बाहर से लौटे मरीज रायपुर में डिटेक्ट हुए थे, इसके बाद धमतरी में जांच कराई गई और संक्रमण की पुष्टि हुई। सभी मरीज होम आइसोलेशन में हैं। संक्रमण की रोकथाम के लिए चारों ब्लाक में छह से सात सदस्यीय टीमें बनाई गई हैं।

जानकारी के अनुसार स्वाइन फ्लू के मरीज रायपुर पहुंचे थे, जहां एमएमआई अस्पताल में जांच के दौरान उनके संदिग्ध होने की जानकारी मिली। अस्पताल से जिला स्वास्थ्य विभाग धमतरी को सूचना मिलने के बाद मरीजों की धमतरी में इन्फ्लुएंजा जांच कराई गई। जांच में संक्रमण की पुष्टि होने पर सभी मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें उनके स्वास्थ्य की लगातार निगरानी कर रही हैं। संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। संपर्क में आने वाले लोगों में बुखार, खांसी, गले में खराश या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण मिलने पर जांच और चिकित्सकीय परामर्श की व्यवस्था की जा रही है। बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं तथा अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग ने जिले के निजी अस्पतालों और क्लीनिकों में भी इन्फ्लुएंजा जैसे लक्षण वाले मरीजों की निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। संदिग्ध स्वाइन फ्लू मरीज मिलने पर इसकी जानकारी तत्काल स्वास्थ्य विभाग को देने कहा गया है। गंभीर मरीजों को समय पर उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए संदर्भित करने एवं संदिग्ध और पुष्ट मरीजों की जानकारी स्वास्थ्य विभाग के साथ साझा करने के निर्देश दिए गए हैं।जिले के चारों ब्लाक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की छह से सात सदस्यीय टीमें बनाई गई हैं। टीमें संक्रमित मरीजों और उनके संपर्क में आए लोगों की निगरानी के साथ घर-घर जाकर लंबे समय से बुखार और खांसी वाले मरीजों को चिन्हांकित कर रही हैं। स्वाइन फ्लू के संभावित लक्षण मिलने पर ऐसे मरीजों की इन्फ्लुएंजा जांच कराई जा रही है। जिला अस्पताल धमतरी में संभावित गंभीर मरीजों के उपचार के लिए पांच बेड आरक्षित रखे गए हैं। आक्सीजन, पल्स आक्सीमीटर, जरूरी दवाओं और अन्य संसाधनों की उपलब्धता की भी समीक्षा की जा रही है।

मरीजों की इन्फ्लुएंजा जांच में टाइप ए और बी दोनों की पुष्टि हुई है। सभी आठ मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा गया है और स्वास्थ्य विभाग की टीमें रोजाना उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही हैं।

लक्षणों को नजरअंदाज न करें : डा. यू एल कौशिक

सीएमएचओ डा यू एल कौशिक ने जिलेवासियों से अपील की है कि स्वाइन फ्लू को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन लक्षणों को नजरअंदाज भी न करें। बुखार, खांसी, गले में खराश, शरीर में दर्द या कमजोरी होने पर चिकित्सकीय सलाह लें। सांस लेने में परेशानी, लगातार तेज बुखार या अन्य गंभीर लक्षण दिखाई देने पर तत्काल अस्पताल पहुंचे। संक्रमण से बचाव के लिए मास्क का उपयोग, हाथों की स्वच्छता और खांसते-छींकते समय सावधानी बरतें।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story