युवाओं के प्रेरणा स्त्रोत हैं स्वामी विवेकानंद
धमतरी, 12 जनवरी (हि.स.)। पूरे विश्व को आध्यात्म और मानवता का संदेश देने वाले महान युग प्रवर्तक एवं युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के अवसर पर नगर निगम धमतरी की सभापति श्रीमती कौशिल्या देवांगन ने रत्नाबांधा कालेज मोड़ स्थित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस अवसर पर पार्षदगण सहित भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सभापति कौशिल्या देवांगन ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी सुविचारों के प्रतीक थे, जिन्होंने अपनी अद्भुत विचारधारा से न केवल भारत बल्कि संपूर्ण विश्व को प्रेरित किया। उनका अमर संदेश “उठो, जागो और तब तक न रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो” आज भी युवाओं को आत्मविश्वास, अनुशासन और सफलता की राह दिखाता है।
उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद भारत के महानतम धर्मगुरुओं में से एक थे। उनके विचार, प्रवचन और जीवन-दर्शन ने विश्वभर में लाखों लोगों के जीवन को नई दिशा दी। शिकागो में दिया गया उनका ऐतिहासिक भाषण आज भी भारत की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और वैचारिक शक्ति का सर्वोत्तम उदाहरण माना जाता है, जिसने विश्व पटल पर सनातन धर्म की गौरवशाली पहचान स्थापित की। सभापति ने आगे कहा कि स्वामी विवेकानंद की प्रभावशाली व्यक्तित्व, तर्कसंगत विचार और गहन आध्यात्मिक ज्ञान आज भी जनमानस के हृदय में अमिट छाप छोड़ते हैं। यही कारण है कि उनकी जयंती को देशभर में राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है, ताकि युवा पीढ़ी उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा सके।
रत्नाबांधा में स्वामी विवेकानंद जयंती मनाई गई- स्वामी विवेकानंद जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला रत्नाबांधा द्वारा श्रद्धापूर्वक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शाला के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं पालकों ने शाला समिति के सदस्यों तथा जनप्रतिनिधियों के साथ ग्राम स्थित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम में प्रधान पाठक वेणुका देवांगन एवं जनपद सदस्य कीर्तन मीनपाल ने स्वामी विवेकानंद के जीवन चरित्र, आदर्शों एवं विचारों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, अनुशासन एवं लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर शिक्षकगण ज्ञानेश्वर सिन्हा, मंजू गोस्वामी, उषाकिरण गजपाल, निर्मला निषाद, ठामेश्वरी मीनपाल, गोपाल साहू, अजय मीनपाल, तेजनारायण मीनपाल सहित बड़ी संख्या में पालकगण एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात कर युवाओं के सर्वांगीण विकास एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

