बलरामपुर : विद्यालय में अनुशासनहीनता पर दो प्रयोगशाला सहायक निलंबित

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर : विद्यालय में अनुशासनहीनता पर दो प्रयोगशाला सहायक निलंबित


बलरामपुर, 16 जुलाई (हि.स.)। बलरामपुर जिले के विकासखंड वाड्रफनगर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बसंतपुर में प्रभारी प्राचार्य और एक व्याख्याता के साथ अभद्र व्यवहार के मामले में शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए दो प्रयोगशाला सहायकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। आज गुरुवार जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच प्रतिवेदन के आधार पर यह कार्रवाई की।

विकासखंड शिक्षा अधिकारी वाड्रफनगर की जांच रिपोर्ट के अनुसार 15 जुलाई को विषय कालखंड की समय-सारणी को लेकर प्रभारी प्राचार्य अनंत कुमार यादव और व्याख्याता इजहारूल हक अंसारी के साथ प्रयोगशाला सहायक अयोध्या प्रसाद यादव और विजय कुमार यादव ने अभद्र व्यवहार किया। जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद कार्रवाई की गई।

जांच प्रतिवेदन में बताया गया कि इस घटना से विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण गंभीर रूप से प्रभावित हुआ। अध्यापन कार्य बाधित होने के साथ ही विद्यार्थियों और अन्य शिक्षकों के बीच अनुशासन एवं शिक्षकीय आचरण को लेकर प्रतिकूल संदेश गया।

प्रथम दृष्टया यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 का उल्लंघन पाया गया। इसके आधार पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम-14 के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए नियम-9(1)(क) के अंतर्गत दोनों प्रयोगशाला सहायकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

निलंबन अवधि के दौरान दोनों कर्मचारियों का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, रामचन्द्रपुर निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story