सुशासन तिहार के तहत जनसमस्या निवारण शिविर, 1342 आवेदन प्राप्त, 153 का मौके पर निराकरण

WhatsApp Channel Join Now
सुशासन तिहार के तहत जनसमस्या निवारण शिविर, 1342 आवेदन प्राप्त, 153 का मौके पर निराकरण


कोरबा, 27 मई (हि. स.)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंशानुरूप कोरबा जिले में सुशासन तिहार के अंतर्गत विभिन्न विकासोन्मुख गतिविधियाँ लगातार संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में पाली ब्लॉक के ग्राम पंचायत निरधी में आज बुधवार काे जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

शिविर के मुख्य अतिथि पाली-तानाखार विधायक तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य कौशल नेटी, जनपद सदस्य सुरेश निषाद तथा उत्तम अगरिया उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच संघ पाली के अध्यक्ष एवं ग्राम निरधी के सरपंच छत्रपाल सिंह राज ने की।

इस शिविर में ग्राम शिवपुर, सिल्ली, परसदा, पोलमी, पोंडी, बतरा, कर्रानवापारा और कोडार के सरपंचों सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण में सक्रिय भूमिका निभाई।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। जनपद पंचायत द्वारा दो हितग्राहियों को राशन कार्ड, चार को पेंशन स्वीकृति आदेश तथा एक हितग्राही को श्रवण यंत्र प्रदान किया गया। कृषि विभाग द्वारा शाकम्भरी योजना के तहत ग्राम सिल्ली के एक हितग्राही को 03 एचपी पेट्रोल पंप का वितरण किया गया।

राजस्व विभाग की ओर से पाँच हितग्राहियों को डिजिटल किसान किताब, नौ को वन अधिकार पत्र की पर्ची तथा चार हितग्राहियों को किसान किताब की द्वितीय प्रति प्रदान की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा तीन बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया। साथ ही जनजातीय गरिमा उत्सव जनभागीदारी अभियान के अंतर्गत भी कार्यक्रम आयोजित हुआ।

शिविर में कुल 1342 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 153 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। अधिकारियों ने बताया कि शेष आवेदनों का भी समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र हितग्राही को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना सभी विभागों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विभागों के समन्वय से ही प्रशासन को अधिक प्रभावी और जनोन्मुख बनाया जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story