सुशासन तिहार: जांजगीर-चांपा के भड़ेसर और नवागढ़ में जनसमस्या निवारण शिविर, सैकड़ों हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
जांजगीर-चांपा, 12 मई (हि. स.)। जिले में सुशासन तिहार के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन लगातार किया जा रहा है। इसी क्रम में आज मंगलवार को नगर पंचायत नवागढ़ के प्रगति क्लब और जनपद पंचायत नवागढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत भड़ेसर के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और नागरिकों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं मांगें दर्ज कराईं।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने ग्राम पंचायत भड़ेसर में आयोजित शिविर का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाए तथा पात्र हितग्राहियों को शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित किया जाए।
शिविर के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हितग्राहियों को आवास की चाबी सौंपी गई। इसके अलावा मनरेगा जॉब कार्ड, राशन कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण स्वीकृति पत्र, श्रम कार्ड, आयुष्मान भारत कार्ड, सुपोषण किट और ऋण पुस्तिका सहित विभिन्न दस्तावेज एवं सामग्री वितरित की गई। स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए ऋण स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए गए।
विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं के तहत पात्र लोगों को सामग्री और सहायता राशि के चेक वितरित कर लाभान्वित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया, जिसमें गर्भवती महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जानकारी दी गई।
शिविर में ग्राम पंचायत भड़ेसर से कुल 716 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 690 मांग संबंधी और 26 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल रहे। विभिन्न विभागों के स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि शासन का उद्देश्य आम जनता तक योजनाओं और सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण कर समयबद्ध और संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जाए। राजस्व विभाग से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के साथ हल करने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने किसानों को डीएपी खाद के स्थान पर नैनो यूरिया के उपयोग के लिए प्रेरित करने और जरूरत के अनुसार खाद उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही एग्रीस्टैक से संबंधित तकनीकी जानकारी किसानों तक पहुंचाने तथा महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों का अनिवार्य रूप से ई-केवाईसी कराने को कहा।
उन्होंने रोजगार एवं ऋण मेलों के आयोजन के निर्देश देते हुए कहा कि शिविरों के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। कार्यक्रम में पूर्व विधायक मोतीलाल देवांगन ने भी लोगों को संबोधित किया।
शिविर में जिला पंचायत सदस्य प्रियंका सिंह, राजकुमार साहू, पूर्व विधायक मोतीलाल देवांगन, पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, अमर सुलतानिया, जनपद पंचायत अध्यक्ष शांता मनमोहन कश्यप सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिले में सुशासन तिहार के तहत 13 मई को नगर पालिका जांजगीर-नैला के सांस्कृतिक भवन कचहरी चौक और जनपद पंचायत अकलतरा अंतर्गत ग्राम पंचायत परसाही (नाला) में भी जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज कराने और शासन की योजनाओं का लाभ लेने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

