जन-जन तक पहुंचने की शासन की महत्वपूर्ण योजना है सुशासन तिहार : सभापति

WhatsApp Channel Join Now
जन-जन तक पहुंचने की शासन की महत्वपूर्ण योजना है सुशासन तिहार : सभापति


जिला प्रशासन व नगर पालिक निगम कोरबा के द्वारा निगम के कोसाबाड़ी जोन कार्यालय में लगाया गया तीसरा शिविर

कोरबा 13 मई (हि. स.)। नगर पालिक निगम काेरबा के सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने आज बुधवार काे सुशासन तिहार शिविर को संबोधित करते हुये कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में प्रदेश में आयोजित हो रहे सुशासन तिहार का यह आयोजन जन-जन तक पहुंचने एवं उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने की शासन की अतिमहत्वपूर्ण योजना है। उन्होंने आमनागरिकों से अपील करते हुये कहा कि वे इन शिविरों में पहुंचकर अपनी शिकायतों व समस्याओं को रखें तथा उनका त्वरित समाधान पाते हुये शासन की इस जनहितैषी योजना का लाभ उठायें।

उल्लेखनीय है कि राज्य शासन के दिशा निर्देशों के अनुरूप सम्पूर्ण छत्तीसगढ़ राज्य के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ कोरबा जिले एवं नगर पालिक निगम केारबा क्षेत्र में भी सुशासन तिहार मनाया जा रहा है तथा इसके अंतर्गत शिविर आयोजित किये जा रहे हैं। केारबा निगम क्षेत्र में पहला शिविर विगत 07 मई को कोरबा जोन कार्यालय में एवं दूसरा शिविर 11 मई को टीपी नगर जोन कार्यालय में आयोजित हुआ था, वहीं इस कड़ी में आज निगम के कोसाबाड़ी जोन कार्यालय परिसर में सुशासन तिहार शिविर का आयोजन किया गया।

आयोजन के मुुख्य अतिथि के रूप में सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने शिविर को संबोधित करते हुये आगे कहा कि हम सबने यह देखा है कि विगत एक, सवा एक वर्ष के दौरान नगर निगम काेरबा ने अनेकों उपलब्धियाॅं अर्जित की हैं, यह सब निश्चित रूप से ट्रिपल इंजन सरकार के कारण संभव हुआ है। महापौर संजूदेवी राजपूत एवं आयुक्त आशुतोष पाण्डेय अच्छा कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम कोरबा अपने मूलभूत दायित्वों से आगे बढ़कर खेलकूद, विरासत संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण तथा शहर के सर्वांगीण विकास पर व्यापक रूप से कार्य कर रहा है, परिणाम स्वरूप प्रदेश में कोरबा की विशिष्ट पहचान बनी है।

सुशासन तिहार जनशिकायतें दूर करने का सशक्त माध्यम

इस अवसर पर वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री साय के मार्गदर्शन में प्रदेश में आयोजित किये जा रहे सुशासन तिहार शिविर जनसमस्याओं व शिकायतों को तत्काल दूर करने का सशक्त माध्यम बन रहे हैं, इन शिविरों में आमजन की शिकायतों का त्वरित निदान हो रहा है। उन्होंने कहा कि उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन एवं महापौर संजूदेवी राजपूत की अगुवाई में कोरबा का तेजी से विकास हो रहा है, ऊर्जावान आयुक्त आशुतोष पाण्डेय अपनी सम्पूर्ण ऊर्जा के साथ कोरबा के विकास के लिये लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 36 करोड़ रूपये की लागत से कोरबा में पेयजल व्यवस्था का विस्तार होने जा रहा है, तो वहीं निगम क्षेत्र के हर वार्ड में करोड़ों के विकास कार्य किये जा रहे हैं।

समस्यामुक्ति केन्द्र बन रहे हैं सुशासन तिहार शिविर

इस अवसर पर मेयर इन काउंसिल सदस्य हितानंद अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि सुशासन तिहार शिविर निश्चित रूप से समस्यामुक्ति केन्द्र का स्वरूप धारण कर रहे हैं, यहाॅं पर जो भी शिकायतें या समस्याएं रखी जाती है, उनका तत्काल समाधान हो रहा है। उन्होंने कहा कि अभी तक निगम क्षेत्र में 03 शिविर हो चुके हैं, विगत वर्ष की अपेक्षाकृत इस वर्ष शिकायतों व समस्याओं के बहुत कम आवेदन शिविरों में प्राप्त हो रहे हैं, जो इस बात का प्रमाण है कि महापौर संजूदेवी राजपूत एवं आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के द्वारा विगत एक वर्ष में जनसमस्याओं के निराकरण हेतु व्यापक कार्य किये गये हैं।

आयोजन के दौरान वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन, एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल, पार्षद चन्द्रलोक सिंह, ममता यादव, अजय गोंड़, लक्ष्मण श्रीवास, कृपाराम साहू, रविसिंह चंदेल, मुकेश राठौर, पंकज देवांगन, सुखसागर निर्मलकर, राकेश वर्मा, सुभाष राठौर, चन्द्रकली जायसवाल, राधा महंत, अजय विश्वकर्मा, रवि शर्मा, नारायण दास महंत, अपर आयुक्त विनय मिश्रा, उपायुक्त पवन वर्मा, जोन कमिश्नर भूषण उरांव, कार्यपालन अभियंता राकेश मसीह, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर, सहायक राजस्व अधिकारी सुमित गुप्ता, सहायक अभियंता राहुल मिश्रा, विपिन मिश्रा, अश्वनी दास, अंजूला अनंत, रमेश सूर्यवंशी आदि के साथ जिले के समस्त विभागों के अधिकारी कर्मचारीगण, निगम के अधिकारी कर्मचारीगण एवं काफी संख्या में आमनागरिकगण उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story