सुशासन तिहार के आवेदनों के त्वरित निराकरण पर जोर, कलेक्टर ने विभागवार समीक्षा कर दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
सुशासन तिहार के आवेदनों के त्वरित निराकरण पर जोर, कलेक्टर ने विभागवार समीक्षा कर दिए निर्देश


सुशासन तिहार के आवेदनों के त्वरित निराकरण पर जोर, कलेक्टर ने विभागवार समीक्षा कर दिए निर्देश


धमतरी, 11 मई (हि.स.)। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में अधिकारियों को सुशासन तिहार के तहत प्राप्त जनआवेदनों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में पेयजल, विद्युत, आंगनबाड़ी, कृषि और अन्य जनसमस्याओं की विभागवार समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण पर विशेष जोर दिया गया।

कलेक्टर ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अब तक आयोजित शिविरों में प्राप्त आवेदनों और उनके निराकरण की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मैदानी स्तर पर सक्रिय रहकर कार्य करने के निर्देश दिए।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने पेयजल संकटग्रस्त गांवों में नियमित मॉनिटरिंग कर समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि हैंडपंप खराबी, जल संकट, विद्युत बाधा और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों का तत्काल समाधान किया जाए। साथ ही हैंडपंपों की नियमित मरम्मत और वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था पर भी ध्यान देने को कहा। बैठक में क्रेडा अधिकारियों को डुबान क्षेत्रों में खराब पड़े सौर ऊर्जा पंपों की मरम्मत और वारंटी वाले पंपों को शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए। वहीं विद्युत विभाग को ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लो-वोल्टेज तथा बिजली अप-डाउन की समस्या का स्थायी समाधान करने कहा गया।

कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने चना खरीदी और खाद-बीज उपलब्धता की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि जिले में लक्ष्य से अधिक चना खरीदी की जा चुकी है। कलेक्टर ने खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं की भी विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को भवनों की स्थिति, पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय, बच्चों को गर्म एवं पौष्टिक भोजन तथा रेडी-टू-ईट सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने कुपोषण, टीकाकरण और स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए।

आंगनबाड़ी केंद्रों में उत्कृष्ट कार्यों के लिए लोक निर्माण विभाग के शतिन्द्र चहल और उप संचालक सांख्यिकी सीमा पाठक का अभिनंदन किया गया। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि फील्ड भ्रमण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण अनिवार्य रूप से करें और बच्चों की छोटी-छोटी जरूरतों पर भी संवेदनशीलता के साथ ध्यान दें। बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, आदिवासी विकास, ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास, लोक निर्माण, पीएमजीएसवाई, जल संसाधन और शहरी विकास विभागों की भी समीक्षा की गई। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ गजेन्द्र ठाकुर, अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन सिंह, सभी एसडीएम एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story