सरगुजा में लंबित मामलों की समीक्षा, डीआईजी और अभियोजन अधिकारियों ने दोषसिद्धि दर बढ़ाने पर की साझा बैठक

WhatsApp Channel Join Now
सरगुजा में लंबित मामलों की समीक्षा, डीआईजी और अभियोजन अधिकारियों ने दोषसिद्धि दर बढ़ाने पर की साझा बैठक


अम्बिकापुर, 26 जून (हि.स.)। सरगुजा जिले में न्याय प्रक्रिया को तेज करने और मामलों में अपराधियों को सजा दिलाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। डीआईजी और एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में जिला अभियोजन अधिकारी, सहायक जिला अभियोजन अधिकारी और लोक अभियोजकों की एक साझा बैठक संपन्न हुई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य पूर्व में लंबित दोषमुक्ति (बरी हुए) के मामलों की शीघ्र समीक्षा करना और न्यायालयीन प्रक्रियाओं में सुधार लाना था।

बैठक के दौरान डीआईजी राजेश अग्रवाल ने अभियोजन अधिकारियों और लोक अभियोजकों के साथ आपसी समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने पूर्व के लंबित सेशन ट्रायल मामलों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे इन सभी लंबित प्रकरणों की जल्द से जल्द समीक्षा कर अपनी रिपोर्ट जिला लोक अभियोजन (डीपीओ) कार्यालय में प्रस्तुत करें, ताकि नियमानुसार अगली कानूनी कार्रवाई की जा सके।

इस दौरान लंबित मामलों में आरोपिताें के दोषमुक्त होने के कारणों पर गहन चर्चा की गई। डीआईजी ने कहा कि अभियोजन अधिकारी मामलों में दिखाई देने वाली कमियों और त्रुटियों को समय रहते दूर करें, ताकि न्यायालय में सुनवाई के दौरान तकनीकी खामियों का लाभ आरोपिताें को न मिल सके। इस पूरी कवायद का उद्देश्य अदालतों में दोषसिद्धि (सजा) के आंकड़ों में वृद्धि करना है।

इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में उप निदेशक अभियोजन राजेश खलखो, जिला अभियोजन अधिकारी चंद्र प्रकाश केशरी, सहायक अभियोजन अधिकारी अल्बर्ट टोप्पो और नटराज पाण्डेय मौजूद रहे। इसके साथ ही लोक अभियोजक गौरांगो सिंह, शासकीय अधिवक्ता (जीपी) नरेन्द्र पाण्डेय, विशेष शासकीय अधिवक्ता (एसजीपी) विवेक शुक्ला और रीडर अमित पाण्डेय सहित कई विभागीय अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

Share this story