अम्बिकापुर : सड़कों पर स्टंटबाज़ी करने वाले हुड़दंगियों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 158 बाइक जब्त

WhatsApp Channel Join Now
अम्बिकापुर : सड़कों पर स्टंटबाज़ी करने वाले हुड़दंगियों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 158 बाइक जब्त


अम्बिकापुर : सड़कों पर स्टंटबाज़ी करने वाले हुड़दंगियों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 158 बाइक जब्त


अम्बिकापुर : सड़कों पर स्टंटबाज़ी करने वाले हुड़दंगियों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 158 बाइक जब्त


अम्बिकापुर : सड़कों पर स्टंटबाज़ी करने वाले हुड़दंगियों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 158 बाइक जब्त


अम्बिकापुर, 10 जुलाई (हि.स.)। सरगुजा जिले के कमलेश्वरपुर (मैनपाट) क्षेत्र में पिछले दिनों पर्यटकों और स्थानीय लोगों को परेशान करने वाले बाइकर्स गैंग के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है।

सोशल मीडिया पर खतरनाक स्टंटबाज़ी और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने का वीडियो वायरल होने के बाद, डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया। उन्होंने तुरंत एक्शन मोड में आते हुए थाना कमलेश्वरपुर, दरिमा, मणीपुर, कोतवाली और यातायात शाखा को संयुक्त रूप से इन हुड़दंगियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने के कड़े निर्देश दिए। अधिकारियों के आदेश मिलते ही सरगुजा पुलिस ने विभिन्न संवेदनशील और चिन्हित स्थानों पर एक साथ ज़ोरदार नाकेबंदी की, जिससे नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।

पुलिस की इस चौतरफा घेराबंदी के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले कुल 158 वाहनों को जब्त कर उनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त चलानी कार्रवाई की गई। इस महा-अभियान में कमलेश्वरपुर पुलिस ने 55, यातायात शाखा ने 50, दरिमा पुलिस ने 40, कोतवाली ने 08 और मणीपुर पुलिस ने 05 वाहनों पर कार्रवाई की। चेकिंग के दौरान कई नाबालिग भी सड़कों पर फर्राटा भरते पकड़े गए, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल उनके परिजनों को थाने तलब किया। पुलिस टीम ने परिजनों को सख्त हिदायत देते हुए कड़े शब्दों में समझाया कि यदि भविष्य में दोबारा ऐसी लापरवाही सामने आई, तो उनके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। सरगुजा पुलिस ने साफ कर दिया है कि आम नागरिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले ऐसे तत्वों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

इस बड़ी कार्रवाई के साथ ही सरगुजा पुलिस ने आम जनता से भी कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। पुलिस प्रशासन ने कहा है कि यदि किसी भी दर्शनीय स्थल, पर्यटन केंद्र या सार्वजनिक सड़क पर बाइकर्स गैंग द्वारा हुड़दंग करने, रास्ता जाम करने या साइलेंसर से तेज आवाज (पटाखे) निकालकर लोगों को परेशान करने की घटना दिखे, तो नागरिक तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9479193599 या डायल 112 पर सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जानकारी मिलते ही त्वरित एक्शन लिया जाएगा और सूचना देने वाले नागरिक का नाम पूरी तरह से गुप्त रखा जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

Share this story