सरगुजा: सीतापुर क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर बने गहरे गड्ढे, एम्बुलेंस फंसी और राहगीर चोटिल

WhatsApp Channel Join Now
सरगुजा: सीतापुर क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर बने गहरे गड्ढे, एम्बुलेंस फंसी और राहगीर चोटिल


अम्बिकापुर, 01 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-43 (एनएच-43) पर सीतापुर क्षेत्र की सड़क इन दिनों बदहाली का शिकार है। सड़क पर बने बड़े और गहरे गड्ढों के कारण रोजाना राहगीर और स्कूली बच्चे दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं।

ताजा मामले में एक गंभीर मरीज को लेकर जा रही एम्बुलेंस बजाज शोरूम के पास सड़क के बीचों-बीच बने गहरे गड्ढे में आज फंस गई। चालक के काफी प्रयास के बाद भी जब वाहन नहीं निकला, तब दूसरी एम्बुलेंस बुलाकर मरीज को अस्पताल भेजा गया। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से मशक्कत कर फंसी हुई एम्बुलेंस को बाहर निकाला जा सका।

सोनतराई से सुर तक लगभग तीन किलोमीटर के हिस्से में सड़क की स्थिति सबसे ज्यादा खराब है। मरम्मत के अभाव और बारिश के पानी के जमाव से जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए हैं। विशेषकर नगर के बीच स्थित बजाज शोरूम के सामने घुटनों तक गहरा गड्ढा बन चुका है। गड्ढे में दोपहिया और चारपहिया वाहनों के फंसने से रोजाना घंटों जाम की स्थिति निर्मित हो रही है।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार, लगभग एक सप्ताह पूर्व इसी स्थान पर भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री का वाहन भी फंस गया था। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों और पदाधिकारियों को फटकार लगाई थी। इसके बाद लोक निर्माण विभाग/एनएच के अधिकारियों ने आनन-फानन में गड्ढे में मिट्टी-गिट्टी डालकर समतल किया था। हालांकि, अगली ही बारिश में भराव बह गया और गड्ढा पहले से भी अधिक बड़ा और गहरा हो गया, जिससे मार्ग संकरा हो गया है।

नगरवासियों का आरोप है कि वीआईपी के वाहन फंसने पर तत्काल कदम उठाने वाले अधिकारी आम जनता और स्कूली बच्चों की रोजमर्रा की परेशानी को नजरअंदाज कर रहे हैं। कई बार विभागीय अधिकारियों को दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई संतोषजनक प्रतिक्रिया नहीं मिली। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही सड़क की स्थायी मरम्मत नहीं कराई गई, तो उन्हें आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।

इस संबंध में अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) फागेश सिन्हा ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यपालन अभियंता से चर्चा हुई है और संबंधित विभाग ने गड्ढों की शीघ्र मरम्मत कराने का आश्वासन दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

Share this story