मुजफ्फरनगर में छत्तीसगढ़ की बेटियों का जलवा, सरगुजा की खिलाड़ियों ने जीता कांस्य पदक

WhatsApp Channel Join Now
मुजफ्फरनगर में छत्तीसगढ़ की बेटियों का जलवा, सरगुजा की खिलाड़ियों ने जीता कांस्य पदक


मुजफ्फरनगर में छत्तीसगढ़ की बेटियों का जलवा, सरगुजा की खिलाड़ियों ने जीता कांस्य पदक


अंबिकापुर, 28 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में आयोजित 38वीं जूनियर नेशनल नेटबॉल प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया है। छत्तीसगढ़ टीम का प्रतिनिधित्व कर रही सरगुजा जिले की खिलाड़ियों ने अपने दमदार खेल से राष्ट्रीयस्तर पर प्रदेश का परचम लहराया और सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा।

राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने शनिवार काे बताया कि, टीम ने पूरे टूर्नामेंट में जुझारूपन का परिचय दिया। सेमीफाइनल मुकाबले में पंजाब के खिलाफ 24-17 से हार के बावजूद खिलाड़ियों का मनोबल नहीं टूटा। तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में छत्तीसगढ़ टीम ने पांडिचेरी को कड़े संघर्ष में हराकर कांस्य पदक हासिल किया।

इस प्रतियोगिता में सरगुजा जिले से सिमरन भगत और रुद्राक्षी जैन का चयन छत्तीसगढ़ टीम में हुआ था। सिमरन माउंट लिटरा जी स्कूल और रुद्राक्षी मोंटफोर्ट स्कूल अंबिकापुर की छात्रा हैं। दोनों खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से न सिर्फ जिले बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है।

संघ के सचिव रजत सिंह ने बताया कि खिलाड़ियों का नियमित अभ्यास गांधी स्टेडियम स्थित बास्केटबॉल ग्राउंड में कराया जाता है। राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं में बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर इनका चयन प्रदेश टीम में हुआ था। वहीं, राष्ट्रीय प्रतियोगिता से पहले जांजगीर के खोखरा में आयोजित 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर ने टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाई।

इस उपलब्धि पर संघ के के.पी. सिंह, गौरव सिंह, सौरभ सिंहा, हिमांशु जायसवाल, नेहा सिंह और खुशबू गुप्ता सहित सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ परिवार व संबंधित स्कूलों के प्राचार्यों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

Share this story