सरगुजा में 12 साल पुराने फर्नीचर घोटाले पर एसीबी का बड़ा एक्शन, पूर्व डीपीओ समेत 3 मुख्य आरोपित गिरफ्तार
अम्बिकापुर, 19 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में राजीव गांधी शिक्षा मिशन के तहत हुए करोड़ों रुपये के बहुचर्चित फर्नीचर घोटाले में एंटी करप्शन ब्यूरो ने निर्णायक कार्रवाई करते हुए तीन मुख्य आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपितों में राजीव गांधी शिक्षा मिशन के तत्कालीन जिला कार्यक्रम अधिकारी (DPO) एस. पी. पाण्डेय और दर्शन फैब्रिकेशन फर्म के प्रोपराइटर संजय पटेल शामिल हैं। एसीबी की इस सख्त कार्रवाई के बाद जिले के प्रशासनिक और विभागीय गलियारों में हड़कंप मच गया है।
यह पूरा मामला वर्ष 2011-12 का है, जब स्कूलों के लिए फर्नीचर खरीदी के नाम पर बड़े पैमाने पर सरकारी राशि का गबन किया गया था। जांच के दौरान शिक्षा विभाग के करीब 6 से 7 तत्कालीन अधिकारियों और 12 निजी फर्मों की संलिप्तता उजागर हुई थी। मामले में आरोपितों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 420 (धोखाधड़ी), 120-B (आपराधिक षड्यंत्र) तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (PC Act) की धारा 13(1) व 13(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया था।
उल्लेखनीय है कि, एसीबी की टीम ने लगभग दो माह पूर्व संबंधित कार्यालय में दबिश देकर फर्नीचर खरीदी से जुड़े महत्वपूर्ण मूल दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड जब्त किए थे। महीनों चली सूक्ष्म जांच और पुख्ता फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आखिरकार एसीबी ने आरोपितों को हिरासत में ले लिया। जांच एजेंसी के अनुसार, मामले में शामिल अन्य संदिग्धों और फर्म संचालकों की भूमिका की भी जांच की जा रही है, जिससे आने वाले दिनों में कुछ और गिरफ्तारियां संभव हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

