सूरजपुर में ‘युवा उड़ान 2026’ का आयोजन, विकसित भारत और छत्तीसगढ़ के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर जोर
बलरामपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। युवाओं की प्रतिभा, कौशल और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सूरजपुर के मंगल भवन में ‘युवा उड़ान 2026’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग, जिला प्रशासन और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस कार्यक्रम में युवाओं को विकसित भारत @ 2047 के लक्ष्य से जोड़ने और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में उनकी भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने मां सरस्वती और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर तथा दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि युवा उड़ान जैसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा और कौशल पहचानने के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हैं। युवाओं की ऊर्जा, नवाचार और संकल्प विकसित भारत @ 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कलेक्टर रेना जमील ने कहा कि युवा किसी भी समाज और राष्ट्र की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार हैं। उनकी प्रतिभा, कौशल और सकारात्मक सोच को सही अवसर देकर विकास की मुख्यधारा से जोड़ना जरूरी है। ऐसे आयोजन युवाओं को अपने लक्ष्य निर्धारित करने और नई संभावनाओं को पहचानने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।
कार्यक्रम में युवाओं की क्षमता और रचनात्मकता को विकास के अवसरों से जोड़ने पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने युवाओं से अपने कौशल और नवाचार के माध्यम से विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष स्वाति सिंह, नगर पालिका उपाध्यक्ष शैलेष अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और युवा उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

