सूरजपुर में महिला थाना शुरू, एसआई पुष्पा तिर्की बनीं जिले की पहली महिला थाना प्रभारी
सूरजपुर, 03 नवंबर (हि.स.)। महिलाओं की सुरक्षा और उनकी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की दिशा में सूरजपुर जिले को नई सुविधा मिली है। मंगलवार को कोतवाली थाना परिसर में नवीन महिला थाना का शुभारंभ किया गया। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने फीता काटकर थाने का लोकार्पण किया। इस दौरान एसआई पुष्पा तिर्की ने जिले की पहली महिला थाना प्रभारी के रूप में पदभार ग्रहण किया।
महिला थाना शुरू होने से अब जिले की महिलाओं को अपनी शिकायतें दर्ज कराने के लिए विशेष सुविधा मिलेगी। महिला संबंधी अपराधों और शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ सुनवाई करने के साथ ही उनकी जांच और विवेचना में भी यह थाना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। नवीन थाने में थाना प्रभारी के साथ आवश्यक पुलिस बल की पदस्थापना की गई है।
लोकार्पण के अवसर पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि महिला थाना की स्थापना महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे पीड़ित महिलाओं को अपनी समस्याएं और शिकायतें सहजता से रखने का अवसर मिलेगा। महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम और शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए यह थाना प्रभावी माध्यम बनेगा।
थाना का लोकार्पण करने के बाद मंत्री ने रोजनामचा में शुभकामना संदेश भी दर्ज किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि नवीन महिला थाना महिलाओं और बच्चों सहित पीड़ितों को न्याय दिलाने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आम लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास कायम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने कहा कि सूरजपुर पुलिस महिलाओं की सुरक्षा और उनसे जुड़ी शिकायतों को लेकर संवेदनशील है। महिला थाना शुरू होने से अब महिलाएं सीधे यहां पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगी। थाना प्रभारी और महिला पुलिस स्टाफ उनकी समस्याओं को सहजता और संवेदनशीलता से सुनेंगे तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि महिला थाना महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने और उन्हें न्याय दिलाने की दिशा में प्रभावी माध्यम साबित होगा।
कार्यक्रम में प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी, जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणी पैंकरा, भीमसेन अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी, रेडक्रास सोसायटी के चेयरमैन बाबूलाल अग्रवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष रेखा राजलाल राजवाड़े, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष नूतन विश्वास, कलेक्टर रेना जमील, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

