सूरजपुर के शैक्षणिक संस्थानों में मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस, बिरसा मुंडा के संघर्ष को किया याद

WhatsApp Channel Join Now
सूरजपुर के शैक्षणिक संस्थानों में मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस, बिरसा मुंडा के संघर्ष को किया याद


सूरजपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। सूरजपुर जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने भाषण, नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष, साहस और जनजातीय समाज के उत्थान में उनके योगदान को याद किया। कार्यक्रमों का आयोजन कलेक्टर रेना जमील के मार्गदर्शन में किया गया।

इस अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मदनपुर, विकासखंड रामानुजनगर में विशेष कार्यक्रम हुआ। यहां विद्यार्थियों ने भाषण और नाटक के माध्यम से बिरसा मुंडा के जीवन से जुड़े प्रसंग प्रस्तुत किए। इसी तरह शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बंजा, विकासखंड भैयाथान, शासकीय हाई स्कूल गंगापुर, शासकीय हाई स्कूल अखोराकला और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कल्याणपुर सहित जिले के अन्य शैक्षणिक संस्थानों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इन आयोजनों का उद्देश्य विद्यार्थियों को भगवान बिरसा मुंडा के त्याग, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान से परिचित कराना था। साथ ही जनजातीय समाज की गौरवशाली संस्कृति, परंपराओं और विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश भी दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776615 Articles

Share this story