सूरजपुर एसपी ने जनरल परेड का किया निरीक्षण, फरियादियों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
सूरजपुर एसपी ने जनरल परेड का किया निरीक्षण, फरियादियों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश


सूरजपुर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। सूरजपुर पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में आयोजित जनरल परेड की सलामी लेकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों और जवानों की वेशभूषा का जायजा लिया तथा उत्कृष्ट वेशभूषा वाले अधिकारी-कर्मचारियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। परेड के बाद उन्होंने पुलिसकर्मियों को आम नागरिकों की शिकायतों और समस्याओं का गंभीरता से निराकरण करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि थाने या चौकी में फरियाद लेकर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की बात संवेदनशीलता और तत्परता से सुनी जानी चाहिए। शिकायतों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए उनका उचित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस का व्यवहार, बेहतर संवाद और समयबद्ध कार्रवाई आम नागरिकों के बीच विश्वास मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

एसपी ने थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने, अपराधों पर नियंत्रण रखने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और जवानों को शारीरिक रूप से फिट रहने तथा नियमित अभ्यास के माध्यम से अपनी कार्यक्षमता बढ़ाने पर भी जोर दिया।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिस जवानों की व्यक्तिगत समस्याओं और गुजारिशों को भी सुना। उन्होंने समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।

जनरल परेड में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन, सीएसपी बेनार्ड कुजूर, एसडीओपी प्रतापपुर अनूप एक्का, रक्षित निरीक्षक अशोक गिरी, स्टेनो पुष्पेन्द्र शर्मा सहित विभिन्न थाना-चौकी प्रभारी और पुलिस लाइन एवं थानों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765731 Articles

Share this story