सूरजपुर में सेवा सेतु पोर्टल से दो दिन में बना आय प्रमाण पत्र, मोहम्मद जाफर कलाम को मिली सुविधा

WhatsApp Channel Join Now
सूरजपुर में सेवा सेतु पोर्टल से दो दिन में बना आय प्रमाण पत्र, मोहम्मद जाफर कलाम को मिली सुविधा


सूरजपुर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। शासकीय सेवाओं को ऑनलाइन और आसान बनाने की दिशा में सेवा सेतु पोर्टल लोगों के लिए उपयोगी साबित हो रहा है। इसी के तहत भटगांव तहसील के मलगा निवासी मोहम्मद जाफर कलाम को आवेदन करने के महज दो दिनों के भीतर आय प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। इस प्रमाण पत्र से उन्हें भविष्य में विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिलेगी।

मोहम्मद जाफर कलाम ने बताया कि उन्होंने सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आय प्रमाण पत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें दो दिनों में प्रमाण पत्र मिल गया। उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने की पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया।

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा सेवा सेतु पोर्टल का संचालन शासकीय सेवाओं को सरल, पारदर्शी और आम लोगों के लिए सुलभ बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। पोर्टल पर आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र सहित विभिन्न विभागों की 900 से अधिक सेवाएं उपलब्ध हैं। इसके माध्यम से नागरिक घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं और जरूरी दस्तावेज प्राप्त करने की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

पहले ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के माध्यम से सीमित सेवाएं उपलब्ध थीं। अब सेवा सेतु के जरिए अधिक सेवाओं को एक ही मंच पर लाने का प्रयास किया गया है, जिससे नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत कम हो और आवश्यक सेवाएं समय पर मिल सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768952 Articles

Share this story