खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर कार्रवाई, रामानुजनगर का राजू होटल बंद रखने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर कार्रवाई, रामानुजनगर का राजू होटल बंद रखने के निर्देश


सूरजपुर, 05 नवंबर (हि.स.)। दीपावली पर्व के मद्देनजर सूरजपुर जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की विशेष जांच अभियान के तहत कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को विभाग की टीम ने रामानुजनगर बस स्टैंड के समीप स्थित राजू होटल का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान रसोईघर में अस्वच्छ परिस्थितियों में भोजन तैयार किया जाना और काले पड़ चुके तेल का उपयोग पाया गया। वहीं, होटल संचालक मौके पर खाद्य लाइसेंस भी प्रस्तुत नहीं कर सका।

खाद्य सुरक्षा मानकों और स्वच्छता संबंधी अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए विभाग की टीम ने होटल से खोआ का विधिक नमूना जांच के लिए संग्रहित किया। साथ ही स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने और वैध खाद्य लाइसेंस प्रस्तुत करने तक होटल बंद रखने के निर्देश दिए गए। इस संबंध में परिसर में नोटिस भी चस्पा किया गया है।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार, दीपावली के दौरान आम नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन के आदेश और अभिहित अधिकारी पुष्पराज के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

अभियान के तहत क्षेत्र के अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान संचालकों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने, प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री का उपयोग करने के निर्देश दिए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772914 Articles

Share this story