असामयिक बारिश के बीच प्रशासन अलर्ट, जलस्रोतों और पुल-पुलियों पर लगातार निगरानी

WhatsApp Channel Join Now

सूरजपुर, 28 सितंबर (हि.स.)।सूरजपुर जिले में हो रही असामयिक बारिश को देखते हुए आज सोमवार को जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। कलेक्टर रेना जमील के निर्देशन में जिले के तालाब, एनीकट, बांध, नहर, पुल-पुलियों और जलभराव की संभावित स्थिति वाले क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है।

प्रशासन के निर्देश पर संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण कर रहे हैं। जलस्रोतों के जलस्तर, बांध और एनीकट से पानी के बहाव के साथ पुल-पुलियों की स्थिति पर विशेष नजर रखी जा रही है। संभावित जलभराव को देखते हुए मेडिकल टीम और एनडीआरएफ सहित आवश्यक व्यवस्थाएं भी तैयार रखी जा रही हैं।

जलभराव और जोखिम वाले क्षेत्रों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया जा रहा है। ग्रामीणों से नदी-नालों, एनीकट, बांध और पुल-पुलियों के आसपास नहीं जाने तथा जलभराव वाले स्थानों पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से बारिश के दौरान जलस्रोतों और जलभराव वाले क्षेत्रों के पास अनावश्यक रूप से नहीं जाने तथा सेल्फी लेने से बचने की अपील की है। अधिकारियों को किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने और जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story