सूरजपुर : पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन 30 मार्च तक
सूरजपुर, 23 मार्च (हि.स.)। सूरजपुर जिले के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना—पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति (कॉलेज स्तर) के लिए ऑनलाइन आवेदन और प्रक्रिया पूरी करने की अंतिम तिथि 30 मार्च निर्धारित की गई है।
छत्तीसगढ़ राज्य के अनुसूचित जाति, जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए संचालित पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया जारी है। शिक्षा सत्र 2025-26 के लिए आवेदन, स्वीकृति और वितरण की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से की जा रही है।
इस योजना के अंतर्गत शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, इंजीनियरिंग, मेडिकल, नर्सिंग कॉलेज, पॉलीटेक्निक और आईटीआई में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन (नवीन एवं नवीनीकरण) की अंतिम तिथि 27 मार्च 2026 तय की गई है। वहीं संस्थाओं द्वारा प्रपोजल लॉक कर सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास को भेजने की अंतिम तिथि 29 मार्च है। इसके बाद शासकीय संस्था एवं जिला कार्यालय स्तर पर स्वीकृति आदेश जारी करने की अंतिम तिथि 30 मार्च निर्धारित की गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय-सीमा के बाद पोर्टल बंद कर दिया जाएगा और किसी भी प्रकार के आवेदन, ड्राफ्ट प्रपोजल लॉक या स्वीकृति आदेश की प्रक्रिया स्वीकार नहीं की जाएगी।
विद्यार्थियों और संबंधित संस्थाओं को समय-सीमा के भीतर सभी आवश्यक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि छात्रवृत्ति का लाभ समय पर मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

