सूरजपुर में घर से 133 नशीले इंजेक्शन बरामद, 67 हजार की खेप के साथ एक युवक गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
सूरजपुर में घर से 133 नशीले इंजेक्शन बरामद, 67 हजार की खेप के साथ एक युवक गिरफ्तार


सूरजपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। सूरजपुर जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सूरजपुर पुलिस ने भैयाथान रोड स्थित एक मकान से 133 नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं। जब्त इंजेक्शन की बाजार कीमत करीब 67 हजार रुपये बताई गई है। मामले में पुलिस ने संतोष साहू उर्फ मोनू (24 वर्ष) को आज गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर जिले में नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 17 नवंबर को सूरजपुर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि भैयाथान रोड निवासी संतोष साहू अपने घर में अवैध रूप से नशीले इंजेक्शन रखकर उनकी बिक्री कर रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संतोष साहू उर्फ मोनू पिता राजकुमार साहू की मौजूदगी में विधिवत मकान की तलाशी ली। इस दौरान पुलिस को 33 नग एविल इंजेक्शन और 100 नग आईपीपीएल इंजेक्शन मिले। पुलिस ने कुल 133 इंजेक्शन जब्त कर आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी) और 29(1) के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रहलाद यादव, पीएसआई पप्पू यादव, प्रधान आरक्षक बृजकिशोर धुर्वा, आरक्षक राजू एक्का, चंदकुमार साहू, रविराज पाण्डेय और महिला आरक्षक पिंकी सोनवानी शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779174 Articles

Share this story