सूरजपुर के स्कूल में भूकंप से बचाव की मॉकड्रिल, बच्चों को सिखाए गए सुरक्षा के तरीके

WhatsApp Channel Join Now
सूरजपुर के स्कूल में भूकंप से बचाव की मॉकड्रिल, बच्चों को सिखाए गए सुरक्षा के तरीके


सूरजपुर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। स्कूली बच्चों को आपदा के दौरान सुरक्षित रहने और आपात परिस्थितियों से निपटने के तरीके सिखाने के लिए जिले के विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आज रविवार को मुख्यमंत्री शाला सुरक्षा कार्यक्रम के तहत कलेक्टर रेना जमील के मार्गदर्शन में रामानुजनगर विकासखंड के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पतरापाली में भूकंप से बचाव को लेकर जागरूकता कार्यक्रम और मॉकड्रिल आयोजित की गई।

शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा और जिला मिशन समन्वयक, समग्र शिक्षा मनोज साहू के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को भूकंप के कारणों और उसके दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। शिक्षिका अनीता सिंह तथा शिक्षक कृष्ण कुमार यादव, योगेश साहू और रघुनाथ जायसवाल ने मॉकड्रिल के माध्यम से बच्चों को सुरक्षित रहने का व्यावहारिक अभ्यास कराया।

विद्यार्थियों को बताया गया कि भूकंप के झटके महसूस होने पर घबराकर इधर-उधर भागने के बजाय शांत रहना चाहिए। कमरे के अंदर होने पर मजबूत मेज के नीचे बैठकर सिर और गर्दन को दोनों हाथों से ढकना चाहिए। खिड़कियों, कांच, अलमारी, पंखे और गिर सकने वाली अन्य वस्तुओं से दूरी बनाए रखनी चाहिए। यदि मेज उपलब्ध न हो, तो किसी सुरक्षित स्थान पर झुककर सिर और गर्दन को ढकते हुए झटके बंद होने तक रुकना चाहिए।

बच्चों को यह भी समझाया गया कि भूकंप के दौरान सीढ़ियों की ओर भागना, लिफ्ट का उपयोग करना, खिड़की से बाहर कूदना या भगदड़ मचाना खतरनाक हो सकता है। खुले मैदान में रहने पर भवनों, दीवारों, पेड़ों, बिजली के खंभों और तारों से दूर खुले स्थान पर जाने की सलाह दी गई। झटके बंद होने के बाद शिक्षकों के निर्देशों का पालन करते हुए कतारबद्ध तरीके से सुरक्षित स्थान पर पहुंचने और क्षतिग्रस्त भवन में दोबारा प्रवेश नहीं करने की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम में आपदा के बाद घायलों की मदद करते समय सावधानी बरतने, टूटे बिजली के तारों से दूर रहने और जरूरत पड़ने पर आपातकालीन सहायता लेने के महत्व पर भी चर्चा की गई। मॉकड्रिल के माध्यम से विद्यार्थियों को आपदा के समय सूझबूझ से काम लेने और सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766698 Articles

Share this story