सूरजपुर में एनएच-43 के किनारे से अतिक्रमण हटाने की अपील, समय-सीमा के बाद नगर पालिका करेगी कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now

सूरजपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। शहर में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण हटाने की अपील की है। प्रशासन ने दुकानदारों, व्यापारियों और भवन स्वामियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने को कहा है। तय समय में अतिक्रमण नहीं हटाने पर नगर पालिका का अमला कार्रवाई करेगा।

नगर पालिका प्रशासन के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे कई दुकानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और मकानों के सामने अनधिकृत रूप से रैंप, शेड, स्टील स्ट्रक्चर और अन्य अस्थायी निर्माण किए गए हैं। इसके अलावा सड़क किनारे स्थायी रूप से ठेले भी लगाए जा रहे हैं। इन अतिक्रमणों के कारण सड़क पर आवागमन प्रभावित हो रहा है और आम नागरिकों तथा वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रशासन ने रविवार काे बताया कि इस संबंध में संबंधित दुकानदारों और भवन स्वामियों को पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके हैं। मुनादी कराकर भी अतिक्रमण हटाने की सूचना दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद कई स्थानों पर अब तक अतिक्रमण नहीं हटाया गया है।

नगर पालिका प्रशासन ने संबंधित लोगों से अपील की है कि वे तय समय-सीमा के भीतर अपने स्तर पर अवैध निर्माण और अतिक्रमण हटा लें। इसके बाद प्रशासनिक अमले द्वारा कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया जाएगा। नगर पालिका ने स्पष्ट किया है कि इस कार्रवाई की जिम्मेदारी संबंधित अतिक्रमणकर्ताओं की होगी।

प्रशासन ने नागरिकों और व्यापारियों से शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785226 Articles

Share this story